Satna Crime: सुनसान जगह पर सहेली ने बुलाया, पहुंचते ही सामने आईं 3 लड़कियां; फिर छात्रा के साथ जो हुआ, VIDEO वायरल

Sanjay Sahu
Satna Crime

Satna Crime: सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले में कॉलेज छात्रा के साथ मारपीट कर उसका वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर कोलगवां थाना पुलिस ने चार छात्राओं के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता विट्स कॉलेज की छात्रा है। शिकायत के मुताबिक, एक छात्र उसे लगातार WhatsApp पर परेशान कर रहा था। पीड़िता ने जब इसका विरोध किया तो कॉलेज की एक छात्रा ने कथित तौर पर उस युवक के साथ संबंध बनाने और उसके दोस्त को खुश करने का दबाव बनाया। छात्रा के इनकार करने पर विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि 6 सितंबर को एक छात्रा पीड़िता को बाजार जाने का बहाना बनाकर स्कूटर से सुनसान इलाके में ले गई। वहां तीन अन्य छात्राएं पहले से मौजूद थीं। पीड़िता का आरोप है कि चारों ने मिलकर उसके साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की। इस दौरान घटना का वीडियो भी बनाया गया।

वीडियो कॉल पर माफी मांगने का आरोप

पीड़िता के मुताबिक, मारपीट के दौरान उस पर एक छात्र से वीडियो कॉल के जरिए माफी मांगने का भी दबाव बनाया गया। घटना के बाद डर के कारण उसने शुरुआत में किसी को जानकारी नहीं दी।

वायरल वीडियो से परिजनों को मिली जानकारी

घटना का वीडियो बाद में पीड़िता के एक रिश्तेदार तक पहुंचा, जिसके बाद परिवार को पूरे मामले की जानकारी हुई। इसके बाद 11 सितंबर को पीड़िता अपने परिजनों के साथ कोलगवां थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।

Satna Crime: पुलिस ने चार छात्राओं पर दर्ज किया मामला

Satna Crime: कोलगवां थाना पुलिस ने वायरल वीडियो का परीक्षण करने के साथ पीड़िता के बयान दर्ज किए हैं। सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह चौहान के मुताबिक, छात्रा की शिकायत पर चार छात्राओं के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *