CG GST Raid: GST टीम का बड़ा छापा, बिलासपुर और मुंगेली में 6 कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश, जानिए क्या कुछ मिला

Sanjay Sahu
CG GST Raid

CG GST Raid: बिलासपुर। टैक्स से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर जीएसटी स्टेट टीम ने बिलासपुर और मुंगेली जिले में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने दोनों जिलों में छह कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश देकर व्यापारिक दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच शुरू की है। मुंगेली जिला मुख्यालय में तीन होटल और बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित थोक मंडी में तीन व्यापारिक प्रतिष्ठान जांच के दायरे में हैं।

बिलासपुर के व्यापार विहार में गुटखा, ड्रायफ्रूट्स और तेल कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों में जीएसटी अधिकारियों ने स्टॉक, खरीद-बिक्री के बिल, कंप्यूटर डेटा और टैक्स से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की। अधिकारियों द्वारा कारोबार के वास्तविक आंकड़ों का जीएसटी रिटर्न में दर्ज जानकारी से मिलान किया जा रहा है।

वहीं, मुंगेली में होटल और रेस्टोरेंट कारोबार से जुड़े तीन प्रतिष्ठानों पर भी जांच की गई। जानकारी के मुताबिक, कुछ प्रतिष्ठानों में कथित तौर पर कच्चे बिल के जरिए टैक्स बचाने की शिकायतें विभाग को मिली थीं। इसके बाद संबंधित कारोबारियों के टैक्स रिकॉर्ड और लेनदेन की जांच शुरू की गई।

मुंगेली के बावा होटल पर 60 लाख रुपये का जुर्माना लगाए जाने की जानकारी भी सामने आई है। दावा है कि जीएसटी से जुड़ी अनियमितता सामने आने के बाद जुर्माने की पूरी राशि वसूल कर सरकारी खजाने में जमा करा दी गई। हालांकि, कार्रवाई से जुड़े विस्तृत आधिकारिक दस्तावेज सामने आने के बाद ही टैक्स देनदारी और जुर्माने की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

CG GST Raid: हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनियां भी जांच के दायरे में

जीएसटी विभाग की नजर हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनियों और उनसे जुड़ी संदिग्ध कारोबारी गतिविधियों पर भी है। बिना वैध ई-वे बिल और कथित फर्जी इनवॉइस के जरिए माल परिवहन किए जाने से जुड़े मामलों की भी जांच की जा रही है। दस्तावेजों के आधार पर माल की वास्तविक आवाजाही और बिलिंग के बीच संभावित अंतर का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

तीन साल के रिटर्न की जांच में 115 से ज्यादा संदिग्ध डीलर चिन्हित

जानकारी के अनुसार, पिछले तीन वित्तीय वर्षों के रिटर्न की जांच के दौरान विभाग ने 115 से अधिक संदिग्ध बोगस डीलरों और कथित शेल कंपनियों को चिन्हित किया है। आरोप है कि कुछ फर्मों के जरिए कागजों पर कारोबार दिखाकर करोड़ों रुपये का फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट ट्रांसफर किया गया, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान होने की आशंका है।

CG GST Raid: फिलहाल छह प्रतिष्ठानों में जीएसटी टीम की जांच जारी है। अधिकारियों द्वारा स्टॉक, बिल, इनवॉइस, ई-वे बिल, कंप्यूटर और डिजिटल डेटा के साथ ट्रांजेक्शन हिस्ट्री की भी पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही संबंधित कारोबारियों की वास्तविक टैक्स देनदारी और कथित अनियमितताओं की स्थिति स्पष्ट होगी।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *