Ratanpur Fish Theft Rivalry Murder: बिलासपुर के रतनपुर में मछली चोरी के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, स्कॉर्पियो से बाइक को मारी थी टक्कर

VIKASH KHALKHO

Ratanpur Fish Theft Rivalry Murder: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवागांव में मछली चोरी को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश शनिवार रात एक खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोपियों ने रास्ते में बाइक को स्कॉर्पियो से टक्कर मारकर गिराया और फिर युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान कर्रा निवासी तीरिथ यादव के रूप में हुई है, जबकि उसका साथी श्याम सिंह किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्कॉर्पियो से मारी टक्कर, फिर खेत में दौड़ाकर पीटा

घटना के संबंध में चश्मदीद श्याम सिंह ने बताया कि वह और तीरिथ यादव खुंटाघाट बांध के पास चौकीदारी का काम करते थे। शनिवार रात करीब 9 बजे दोनों बाइक से ग्राम कर्रा से खुंटाघाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नवागांव के पास गोलू धीवर, अनीश धीवर और उनके लगभग आधा दर्जन साथियों ने सफेद रंग की स्कॉर्पियो जैसी गाड़ी से उनकी बाइक को साइड से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद आरोपियों ने तुरंत लाठी-डंडों से हमला कर दिया। तीरिथ यादव जान बचाने के लिए पास के खेत की ओर भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा कर उसे बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं श्याम सिंह अंधेरे का फायदा उठाकर जान बचाकर भागा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

मछली चोरी का वीडियो बना था विवाद का कारण

मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले तीरिथ यादव ने कथित तौर पर आरोपी गोलू धीवर को मछली चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा था और अपने मोबाइल में उसका वीडियो बना लिया था। इसी बात से नाराज होकर गोलू धीवर ने तीरिथ का मोबाइल छीनकर तोड़ दिया था, जिसकी शिकायत पुलिस थाने में की गई थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया था और मोबाइल बनवाने के लिए गोलू ने एक हजार रुपये भी दिए थे।

पुलिस जांच और आरोपियों की तलाश जारी

समझौते के बावजूद दोनों पक्षों के बीच तनाव बरकरार था। परिजनों का आरोप है कि इसी पुरानी खुन्नस के चलते शनिवार रात योजनाबद्ध तरीके से तीरिथ यादव पर जानलेवा हमला कर उसकी हत्या की गई। फिलहाल रतनपुर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *