CG Government Jobs: सरकारी नौकरी के लिए छत्तीसगढ़ का निवासी होना जरूरी, तृतीय-चतुर्थ श्रेणी भर्ती के नियम बदले

Sanjay Sahu
CG Government Jobs:

CG Government Jobs: रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सरकार ने तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर सीधी भर्ती के नियमों में बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत इन पदों को शैक्षणिक योग्यता के आधार पर सात अलग-अलग समूहों में बांटा गया है। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि इन पदों की सीधी भर्ती में छत्तीसगढ़ का स्थानीय निवासी होना अनिवार्य होगा।

नई व्यवस्था में इंजीनियरिंग, स्नातक-स्नातकोत्तर, शिक्षा, वर्दीधारी सेवाएं, स्वास्थ्य, हायर सेकेंडरी और चतुर्थ श्रेणी स्तर के पद शामिल किए गए हैं। सामान्य पदों के लिए कॉमन परीक्षा और तकनीकी पदों के लिए आवश्यकता के अनुसार अलग परीक्षा आयोजित की जा सकेगी।

उप अभियंता पद के लिए संबंधित शाखा में तीन वर्षीय डिप्लोमा या बीई/बीटेक की योग्यता जरूरी होगी। श्रम, खाद्य और सहकारिता निरीक्षक जैसे पदों के लिए स्नातक होना अनिवार्य किया गया है। सहायक ग्रेड-3 और डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए स्नातक के साथ कंप्यूटर डिप्लोमा और टाइपिंग परीक्षा पास करना जरूरी होगा।

CG Government Jobs: पुलिस, जेल, वन, आबकारी और परिवहन विभाग के कई वर्दीधारी पदों के लिए 12वीं पास के साथ शारीरिक परीक्षा होगी। पटवारी और हॉस्टल वार्डन के लिए 12वीं के साथ कंप्यूटर डिप्लोमा जरूरी है। वहीं भृत्य, चौकीदार, माली और वार्ड ब्वाय जैसे पदों के लिए 10वीं पास योग्यता रखी गई है। सरकार के अनुसार सातों समूह वेतनमान के आधार पर नहीं, बल्कि संबंधित पदों की शैक्षणिक योग्यता के आधार पर निर्धारित किए गए हैं।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *