रायपुर। Nishaanebaz.com-Raipur Jewellers Robbery Plot Busted: राजधानी रायपुर में एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट (ACCU) और थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए कचना क्षेत्र की एक ज्वेलर्स दुकान में डकैती डालने की योजना बना रहे 5 शातिर आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।
रायपुर: कचना में ज्वेलर्स दुकान में डकैती की साजिश नाकाम, एंटी क्राइम और खम्हारडीह पुलिस ने हथियारबंद 5 आरोपियों को दबोचा।#Raipur #RaipurPolice #CGCrime #RaipurNews pic.twitter.com/Vks6f1mwzv
— News (@khalkho_ji) September 6, 2026
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट को मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी कि खम्हारडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कचना इलाके के आसपास कुछ संदिग्ध युवक एकत्र होकर किसी बड़ी डकैती की साजिश रच रहे हैं। सूचना की तस्दीक होते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर औचक छापेमारी की।
घातक हथियारों के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके से 5 संदिग्धों को घेराबंदी कर धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से भारी मात्रा में धारदार हथियार, मिर्ची पाउडर और डकैती में इस्तेमाल होने वाले अन्य खतरनाक औजार बरामद किए गए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कचना स्थित एक नामी ज्वेलर्स शॉप को निशाना बनाने और वहां डकैती डालने की फिराक में थे।
बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी तैयारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी योजनाबद्ध तरीके से आभूषण दुकान में घुसकर लूटपाट करने की तैयारी में थे। समय रहते मिली सटीक सूचना और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से राजधानी में एक बड़ी और खौफनाक वारदात होने से टल गई। पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
खम्हारडीह थाना पुलिस ने सभी 5 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है और अपराधियों के खिलाफ यह सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।






