मोहम्मद याकुब-धरसींवा/सिलतरा। Nishaanebaz.com-Siltara Police Night Operation: औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों में आपराधिक व असामाजिक गतिविधियों पर पूरी तरह से लगाम कसने के उद्देश्य से सिलतरा थाना पुलिस ने देर रात बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक (रायपुर ग्रामीण) श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक झा व उप पुलिस अधीक्षक (माना) श्री लम्बोदर पटेल के मार्गदर्शन में 29 अगस्त की दरमियानी रात यह विशेष चेकिंग एवं सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
थाना प्रभारी सिलतरा निरीक्षक राजेन्द्र सिंह कँवर के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके के चिन्हांकित एवं सूचीबद्ध गुंडा-बदमाशों, चाकूबाजी, मारपीट, छीनाझपटी तथा संपत्ति संबंधी अपराधों में पूर्व से संलिप्त आदतन अपराधियों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। इस विशेष रात्रिकालीन अभियान के दौरान अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार में लगे तत्वों पर भी कड़ा शिकंजा कसा गया, जिससे असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान पुलिस की टीम ने सूचीबद्ध गुंडा बदमाश राजेश सिसोदिया के घर पर अचानक छापा मारा। तलाशी लेने पर उसकी पत्नी देवकी सिसोदिया के कब्जे से 25 पौवा ‘शोले’ ब्रांड देशी मदिरा जब्त की गई। पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त करते हुए महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। इसके अतिरिक्त, धारा 173(8) दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) के तहत लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी टिकेश्वर निषाद उर्फ ऑटो (निवासी ग्राम धनेली) के विरुद्ध भी पुलिस द्वारा आवश्यक दंडात्मक कार्रवाई पूरी की गई।
शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पूर्व में अपराधों में लिप्त रहे कुल 17 व्यक्तियों (जिसमें 1 महिला भी शामिल है) के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत कड़ी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। इस पूरे अभियान में थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह कँवर के साथ सउनि कौशल मिर्झा, सउनि वर्मा, प्रधान आरक्षक भूपेन्द्र सिंह, रागिनी दिनकर, कोमल वर्मा, कपिल चंद्रवंशी तथा आरक्षक अर्जुन डहरिया, मुकेश जांगड़े, नवीन निर्मलकर व डिगेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिकारियों का कहना है कि आमजन में सुरक्षा का अहसास कराने के लिए ऐसे औचक अभियान आगे भी जारी रहेंगे।





