Indore News: इंदौर में जन विश्वास अभियान शुरू, पुलिस कमिश्नर ने कैंप में सुनीं फरियादियों की शिकायतें

Anuj Nirala

[nishaanebaz.com]  Indore News: इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद इंदौर पुलिस ने आम लोगों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जन विश्वास अभियान की शुरुआत की है। अभियान के तहत आजाद नगर थाना परिसर में विशेष शिकायत निवारण कैंप लगाया गया, जिसमें पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह खुद फरियादियों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं।

कैंप के दौरान 14 से अधिक शिकायतकर्ताओं ने पुलिस कमिश्नर के सामने अपनी शिकायतें रखीं। उन्होंने एक-एक फरियादी से बातचीत कर मामले की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की गंभीरता से जांच कर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए।

जमीन धोखाधड़ी और साइबर ठगी की शिकायतें ज्यादा

शिकायत निवारण कैंप में पहुंची अधिकांश शिकायतें जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी और साइबर ठगी से संबंधित रहीं। कुछ लोगों ने जमीन के सौदे में धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत की, जबकि कुछ फरियादियों ने ऑनलाइन माध्यम से पैसे ठगे जाने की जानकारी पुलिस कमिश्नर को दी।पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच की जाए। जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई की जरूरत है, उनमें बिना देरी के कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

Indore News: इंदौर में यात्रियों की जान से खिलवाड़! 13 गुना ज्यादा नशे में 30 यात्रियों से भरी वॉल्वो बस चला रहा था ड्राइवर

शिकायत दर्ज करने तक सीमित न रहे कार्रवाई

पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने अधिकारियों से कहा कि फरियादियों की शिकायत केवल दर्ज करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। शिकायत के निराकरण की पूरी प्रक्रिया की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और शिकायतकर्ता को समय-समय पर उसकी शिकायत पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी जाए।उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास मजबूत करने के लिए जरूरी है कि फरियादियों को उनकी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया स्पष्ट रूप से बताई जाए।

थाना स्तर पर ही वरिष्ठ अधिकारी सुनेंगे समस्याएं

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कई बार स्थानीय स्तर पर शिकायत का समाधान नहीं होने के कारण लोगों को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचना पड़ता है। इसी को देखते हुए जन विश्वास अभियान के तहत थाना स्तर पर विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं, जहां वरिष्ठ अधिकारी सीधे लोगों की समस्याएं सुनेंगे।इस पहल का उद्देश्य लोगों को अपनी शिकायतों के लिए भटकने से बचाना और पुलिस की कार्रवाई को अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाना है।

Gwalior News: ग्वालियर में VHP नेता के भाई की गोली मारकर हत्या, वारदात का लाइव वीडियो आया सामने; 24 घंटे बाद भी आरोपी फरार

अन्य थाना क्षेत्रों में भी लगेंगे कैंप

आजाद नगर थाने से अभियान की शुरुआत के बाद आने वाले दिनों में इंदौर के अन्य थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह के शिकायत निवारण कैंप लगाए जाने की तैयारी है। इन कैंपों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सीधे फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देंगे।पुलिस का कहना है कि जन विश्वास अभियान के जरिए शिकायतों के त्वरित निराकरण के साथ पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास स्थापित करने पर जोर दिया जा रहा है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *