[Nishaanebaz News] MP Investment: भोपाल/अहमदाबाद। मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 12 अगस्त को अहमदाबाद प्रवास के दौरान अरविंद लिमिटेड के वाइस चेयरमैन कुलीन लालभाई से मुलाकात की। इस दौरान मध्यप्रदेश में कंपनी के प्रस्तावित निवेश, रोजगार, टेक्सटाइल उद्योग और औद्योगिक क्षेत्रों में सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गुजरात और मध्यप्रदेश के बीच औद्योगिक सहयोग बढ़ने से दोनों राज्यों के संबंध और मजबूत होंगे। प्रदेश में होने वाले निवेश से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।
PM MITRA Park में 1200 करोड़ का निवेश प्रस्तावित
अरविंद लिमिटेड की ओर से धार स्थित पीएम मित्र पार्क में करीब 1200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। कंपनी को यहां लगभग 105 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। सरकार का लक्ष्य है कि पीएम मित्र पार्क में अगले वर्ष तक उत्पादन शुरू हो जाए।कंपनी मध्यप्रदेश में तीन प्रमुख स्थानों पर अपनी इकाइयां स्थापित कर रही है। इनमें देवास के पास बरलाई, धार का पीएम मित्र पार्क और इंदौर का बेटमा शामिल हैं।
टेक्सटाइल और गारमेंट सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा
MP Investment: बैठक में मध्यप्रदेश में टेक्सटाइल और परिधान उद्योग के विस्तार पर भी चर्चा हुई। इंदौर में संचालित पेपकोन प्राइवेट लिमिटेड के साथ कंपनी के अनुबंध के तहत हर साल करीब 70 लाख परिधानों का निर्माण किया जाता है।
सरकार की ओर से निवेशकों को पूंजी अनुदान, ब्याज अनुदान, स्टांप एवं पंजीयन शुल्क की प्रतिपूर्ति सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ग्रीन इंडस्ट्रियलाइजेशन और रिसर्च एंड डेवलपमेंट के लिए भी सहायता का प्रावधान है।
निवेश बढ़ने से युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के रास्ते
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बड़े औद्योगिक निवेश आने से युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। उद्योगों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर व्यापार और आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी।उन्होंने कहा कि निवेश से राज्य को कर राजस्व भी प्राप्त होगा, जिससे विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने अरविंद समूह को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए बधाई देते हुए भविष्य में और विस्तार के लिए आमंत्रित किया।
90 से ज्यादा औद्योगिक पार्कों में जल पुन: उपयोग की तैयारी
MP Investment: बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में पानी के पुन: उपयोग को लेकर भी चर्चा हुई। प्रदेश में विकसित किए जा रहे 90 से अधिक औद्योगिक पार्कों में टेक्सटाइल, फार्मा और अन्य औद्योगिक क्लस्टरों के लिए कॉमन जीरो लिक्विड डिस्चार्ज यानी ZLD सिस्टम विकसित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों को नजदीकी नगर निगमों के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़कर पानी के पुन: उपयोग का मॉडल विकसित करने पर भी चर्चा हुई।
सिंहस्थ-2028 में हाईटेक संचार व्यवस्था पर जोर
उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ-2028 को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण चर्चा हुई। आयोजन के दौरान पुलिस, सुरक्षा बल, स्वास्थ्य सेवाओं, आपदा प्रबंधन और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल के लिए आधुनिक मिशन-क्रिटिकल कम्युनिकेशन नेटवर्क का इस्तेमाल करने की संभावनाएं तलाशी गईं।इसमें वायरलेस कम्युनिकेशन, वॉकी-टॉकी नेटवर्क और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े आधुनिक संचार समाधान शामिल होंगे।
GIS-2027 में शामिल होने का न्योता
MP Investment: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अरविंद लिमिटेड के वाइस चेयरमैन कुलीन लालभाई को मध्यप्रदेश में और निवेश करने के साथ ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS)-2027 में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है। गुजरात और मध्यप्रदेश के बीच बढ़ता औद्योगिक सहयोग आने वाले समय में प्रदेश में निवेश, रोजगार और आर्थिक विकास को नई गति दे सकता है।

