Mungeli Weather Alert: मुंगेली। मौसम विभाग (IMD) की ओर से अगले 48 से 72 घंटों के दौरान मुंगेली जिले में गरज-चमक, बिजली गिरने और अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। संभावित आपदा को देखते हुए कलेक्टर कुंदन कुमार ने शनिवार, 18 जुलाई को जिले के सभी शासकीय, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया। आदेश के तहत पूरे जिले में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहे।
Mungeli Weather Alert: कलेक्टर ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 एवं 34 के तहत जारी आदेश में कहा कि भारी वर्षा के कारण अचानक बाढ़, मनियारी और शिवनाथ नदियों के जलस्तर में वृद्धि, राजीव गांधी खुड़िया जलाशय में अधिक जल आवक तथा शहरी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। ऐसे में जनजीवन, संपत्ति और मानव व पशुधन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया।

Mungeli Weather Alert: आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 12वीं तक की नियमित कक्षाएं स्थगित की गईं और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन भी बंद रखा गया। हालांकि विद्यालयों के संस्था प्रमुख, प्राचार्य, शिक्षक और प्रशासनिक कर्मचारियों को स्कूल में उपस्थित रहकर भवन, अभिलेख और अन्य आवश्यक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर विद्यालयों को अस्थायी राहत शिविर के रूप में उपयोग के लिए तैयार रखने को भी कहा गया।

जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने भी अलग से आदेश जारी कर सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, प्राचार्यों और प्रधान पाठकों को अवकाश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से उन स्कूलों की निगरानी करने को कहा, जहां भवनों में सीपेज या सिलन की समस्या है। ऐसे विद्यालयों के महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रखने और भवनों की स्थिति की तत्काल जानकारी जिला शिक्षा कार्यालय को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
Mungeli Weather Alert: आदेश के प्रमुख बिंदु
* IMD ने अगले 48 से 72 घंटे के लिए अत्यंत भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
* संभावित बाढ़, नदियों के जलस्तर में वृद्धि और शहरी जलभराव को देखते हुए प्रशासन अलर्ट पर है।
* आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 एवं 34 के तहत आदेश जारी किया गया।
* जिले के सभी शासकीय, निजी और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 1 से 12वीं तक अवकाश घोषित किया गया।
* सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रखे गए।
* शिक्षक और प्रशासनिक कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहकर अभिलेख एवं संपत्ति सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।
* आवश्यकता पड़ने पर स्कूल भवनों का उपयोग राहत शिविर के रूप में किया जाएगा।
* सीपेज और सिलन वाले विद्यालयों की जानकारी तत्काल जिला शिक्षा कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
Mungeli Weather Alert: राहत के लिए आगे आया ‘प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन’
भारी बारिश और संभावित आपदा को देखते हुए सामाजिक संस्था ‘प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन’ ने भी राहत कार्य के लिए हेल्पलाइन जारी की है। संस्था ने कहा है कि बारिश से प्रभावित जरूरतमंद परिवार किसी भी आपात स्थिति में उनसे संपर्क कर सकते हैं।
संस्था के अनुसार यदि किसी परिवार का राशन बारिश में खराब हो गया हो, घर क्षतिग्रस्त हो गया हो या वर्षाजनित किसी अन्य समस्या का सामना करना पड़ रहा हो, तो तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। राहत सामग्री, स्वास्थ्य सहायता और सामुदायिक सहयोग जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। संस्था ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस कठिन समय में जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आएं। सहायता के लिए संपर्क नंबर: 9300711483।







