Railway Recruitment Exam: अंडरगारमेंट में मोबाइल छिपाकर परीक्षा देने पहुंचा अभ्यर्थी गिरफ्तार, RRB परीक्षा में नकल का खुलासा

Sanjay Sahu
Railway Recruitment Exam

Railway Recruitment Exam:रायपुर। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ऑनलाइन भर्ती परीक्षा में अनुचित तरीके से नकल करने के आरोप में रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। आरोपी परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन छिपाकर ले गया था और परीक्षा के दौरान कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों की तस्वीरें खींच रहा था। डीडी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को iON Digital Zone (iDZ) सरोना स्थित परीक्षा केंद्र में रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) की दूसरी पाली आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उस पर विशेष निगरानी रखी गई।

सीसीटीवी फुटेज और प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अभ्यर्थी छिपाकर लाए गए मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था और कंप्यूटर स्क्रीन पर दिखाई दे रहे प्रश्नों की तस्वीरें ले रहा था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके भीतर मोबाइल फोन छिपाया था और उसी तरीके से परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया।

जब्त किए गए मोबाइल फोन की जांच में परीक्षा के दौरान पूछे गए प्रश्नों की तस्वीरें मिलीं। पुलिस ने इन तस्वीरों का परीक्षा में प्रदर्शित वास्तविक प्रश्नों से मिलान किया, जिसमें दोनों एक जैसे पाए गए।

घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। उनके निर्देश पर डीडी नगर थाना में प्रार्थी की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर निवासी 28 वर्षीय अफताब, पिता गुलाम मोहम्मद, को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड और संबंधित परीक्षा का प्रवेश पत्र जब्त किया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अकेले इस वारदात को अंजाम दे रहा था या इसके पीछे कोई संगठित नकल गिरोह सक्रिय था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *