Jaish-e-Mohammed Module: अनिल उपाध्याय \ देवास। गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े कथित नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात और मध्य प्रदेश में संयुक्त अभियान चलाया। इस कार्रवाई में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक आरोपी मध्य प्रदेश के देवास से पकड़ा गया, जबकि अन्य आरोपियों को गुजरात के बनासकांठा, पाटन और नवसारी जिलों से गिरफ्तार किया गया।
जांच एजेंसियों के अनुसार, सभी आरोपी संगठन का नेटवर्क तैयार करने, नए सदस्यों को जोड़ने और कट्टरपंथी विचारधारा फैलाने की गतिविधियों में कथित रूप से शामिल थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ आरोपी सोशल मीडिया और इंटरनेट के माध्यम से पाकिस्तान में मौजूद कथित हैंडलर्स के संपर्क में थे। इन दावों की जांच जारी है।
देवास से बिलाल मोहम्मद गिरफ्तार
Jaish-e-Mohammed Module: संयुक्त अभियान के दौरान देवास से बिलाल मोहम्मद पुत्र अम्मार घाघा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक गुजरात ATS एक संदिग्ध की तलाश में देवास पहुंची थी। इस दौरान देवास पुलिस ने स्थानीय स्तर पर सहयोग करते हुए संयुक्त कार्रवाई की, जिसके बाद बिलाल मोहम्मद को हिरासत में लेकर गुजरात ATS को सौंप दिया गया।बताया जा रहा है कि आरोपी मूल रूप से गुजरात का रहने वाला है और देवास के नाहर दरवाजा थाना क्षेत्र स्थित वारसी नगर इलाके में ठहरा हुआ था। उसकी गतिविधियों और स्थानीय संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
READ MORE: Singrauli Tanker Accident: रिलायंस गेट के पास पलटा डीजल से भरा टैंकर, मची अफरा-तफरी, टला बड़ा हादसा
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
Jaish-e-Mohammed Module: गिरफ्तार आरोपियों में अहमद पुत्र अब्दुल्ला गाजीवाला, इब्राहिम पुत्र मोहम्मद हुसैन घाघा, मुदस्सिर पुत्र अब्दुल्ला गाजीवाला, ज़कारिया दुरानी पुत्र मोहम्मद अम्मार घाघा, मुफ्ती फौजान पुत्र इस्माइल दौवा, मोहम्मद अमीन शेरा, मोहम्मद अब्दुल पुत्र रहमान सावदी और बिलाल मोहम्मद पुत्र अम्मार घाघा शामिल हैं।
UAPA और BNS के तहत मामला दर्ज
Jaish-e-Mohammed Module: गुजरात ATS ने सभी आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 13, 17, 18, 38 और 39 के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 148 और 61 के तहत मामला दर्ज किया है।जांच एजेंसियों ने आरोपियों के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त कर लिए हैं। इनके डिजिटल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों और बैंक खातों से जुड़े वित्तीय लेनदेन की गहन जांच की जा रही है।
नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
Jaish-e-Mohammed Module: ATS यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा इसकी गतिविधियां किन-किन राज्यों तक फैली हुई थीं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। देवास से जुड़े मामले को लेकर स्थानीय सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।







