Raigarh Satta King Surrender : गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। रायगढ़ पुलिस द्वारा अवैध कारोबार और ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान का बड़ा असर देखने को मिला है। पुलिस की लगातार दबिश और तकनीकी जांच के डर से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का मुख्य आरोपी पिंटू हलवाई (43 वर्ष) निवासी चांदमारी ने गुरुवार को स्वयं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सरेंडर कर दिया। आरोपी ने एसएसपी शशि मोहन सिंह के समक्ष अपराध से तौबा करते हुए मुख्यधारा में लौटने की इच्छा जताई है।
उत्तराखंड भाग गया था आरोपी पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद वह गिरफ्तारी के डर से उत्तराखंड भाग गया था। वहां उसने अपना मोबाइल फोन भी नष्ट कर दिया था, लेकिन रायगढ़ पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण उसे आत्मसमर्पण करना पड़ा। आरोपी अपने परिवार और सहयोगियों के साथ मिलकर व्हाट्सएप कॉलिंग और यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन सट्टे का बड़ा नेटवर्क संचालित कर रहा था।
पूर्व में हुई थी बड़ी जब्ती विदित हो कि पुलिस ने पिछले दिनों पिंटू हलवाई के नेटवर्क पर दबिश देकर कई सहयोगियों को गिरफ्तार किया था। उस दौरान पुलिस ने 2 लाख 69 हजार रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन और भारी मात्रा में डिजिटल साक्ष्य बरामद किए थे। इन मामलों में पिंटू हलवाई मुख्य आरोपी के तौर पर फरार था। कोतवाली पुलिस ने आरोपी को छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
एसएसपी की सीधी चेतावनी एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध छोड़ने वालों को सुधार का अवसर दिया जाएगा, लेकिन यदि कोई दोबारा सट्टा या जुआ जैसे अवैध कारोबार में लौटता है, तो उसके विरुद्ध जिला बदर जैसी और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









