Gariaband News:‘पुष्पा’ स्टाइल में सागौन तस्करी का खेल: नदी के बहाव से ओडिशा भेज रहे थे लकड़ी, 3 तस्कर गिरफ्तार

Sanjay Sahu
Gariaband News

Gariaband News:गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में बेशकीमती सागौन की लकड़ी की तस्करी का मामला सामने आया है। तस्कर उदंती नदी के बहाव का सहारा लेकर सागौन के लट्ठों को छत्तीसगढ़ से ओडिशा पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। इससे पहले कि उनका यह मंसूबा कामयाब होता, वन विभाग और गरियाबंद पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, तीन आरोपी मौके से फरार हो गए।

Gariaband News:जानकारी के मुताबिक, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की स्मार्ट सर्विलांस व्यवस्था और मैदानी सूचना तंत्र के जरिए वन विभाग को सागौन तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के बाद वन अमले और पुलिस की संयुक्त टीम ने संदिग्ध इलाकों में निगरानी बढ़ाई। जांच के दौरान पता चला कि तस्कर नदी के बहाव का इस्तेमाल कर सागौन के लट्ठों को ओडिशा की ओर भेजने की कोशिश कर रहे हैं।

संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से तीन आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनके तार छत्तीसगढ़ और ओडिशा से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, फरार तीन आरोपियों की तलाश जारी है।

बारिश के मौसम में नदी से तस्करी का तरीका

बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान नदी के तेज बहाव का इस्तेमाल कर लकड़ी को दूसरे राज्य तक पहुंचाने की कोशिश पहले भी की जा चुकी है। पिछली बारिश में वन विभाग ने इसी तरीके से लकड़ी की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद बारिश के मौसम में नदी और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई थी।

गिरोह के नेटवर्क की जांच जारी

Gariaband News:फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वन विभाग और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और सागौन की लकड़ी कहां से काटकर कहां पहुंचाई जा रही थी। फरार तीन आरोपियों की तलाश के लिए भी टीमों को लगाया गया है।

 

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *