Rahul Gandhi Gurugram Rally : गुरुग्राम। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा के गुरुग्राम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को ‘बब्बर शेर’ संबोधित करते हुए दावा किया कि आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी नरेंद्र मोदी और भाजपा को चुनावी मैदान में शिकस्त देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के साथ छेड़छाड़ कर चुनाव जीतने का एक नया सिस्टम विकसित कर लिया है।
चुनाव ‘चोरी’ करने का गंभीर आरोप राहुल गांधी ने अपने भाषण में मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, बंगाल और असम का जिक्र करते हुए कहा कि इन राज्यों में जनमत की चोरी की गई है। उन्होंने चुनावी मशीनरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि लाखों मतदाताओं के नाम सूची से काट दिए जाते हैं और नए नाम अवैध तरीके से जोड़ दिए जाते हैं। राहुल गांधी के अनुसार, यह एक संगठित ढांचा है जिसके जरिए सत्ता हासिल की जा रही है।
संस्थानों पर नियंत्रण और जनता का मूड कांग्रेस नेता ने चुनाव आयोग और नौकरशाही पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थान वर्तमान में सरकार के पूर्ण नियंत्रण में हैं, जिसके कारण सत्तापक्ष को लगता है कि उनका शासन कभी खत्म नहीं होगा। हालांकि, राहुल गांधी ने आगाह किया कि जनता अब असलियत समझ चुकी है। उन्होंने सीधे तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर ‘देश को बेचने’ का आरोप लगाते हुए कहा कि अब इनका समय खत्म होने वाला है।









