भोपाल : मध्य प्रदेश में मई की शुरुआत के साथ जहां भीषण गर्मी पड़ने की उम्मीद थी, वहीं मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना जताई है।
मौसम केंद्र भोपाल की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के 34 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 6 जिलों में ओले गिरने की चेतावनी दी गई है। बेमौसम बारिश का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ रहा है, जिनकी फसलें खराब होने लगी हैं।
इन जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और रीवा जिलों में ओलावृष्टि की संभावना है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश भी हो सकती है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है।
भोपाल समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट
राजधानी भोपाल सहित रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, मुरैना, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना और दमोह में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आ रही नमी के कारण प्रदेश में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
Read more : छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम! 5 दिन तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
आंधी-तूफान से जनजीवन प्रभावित
पिछले 48 घंटों में प्रदेश के 35 से ज्यादा जिलों में तेज हवाओं और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। कई इलाकों में पेड़ गिर गए, बिजली व्यवस्था बाधित हुई और सड़क यातायात पर भी असर पड़ा।
बालाघाट में तेज तूफान के चलते कई पेड़ धराशायी हो गए। यहां एक दीवार गिरने से महिला की मौत की खबर सामने आई है। वहीं शिवपुरी में तेज हवाओं के कारण बिजली के खंभे गिर गए और कई इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही।
किसानों की बढ़ी चिंता
इस बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गेहूं और अन्य फसलों की कटाई के बाद खुले में रखा अनाज भीगने लगा है। कई जगह सब्जी और फल की फसलें भी खराब हुई हैं। किसान लगातार मौसम साफ होने की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही।
अगले चार दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।









