Chhattisgarh Assembly Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र के तीसरे दिन बुधवार को सदन की कार्यवाही काफी अहम रहने वाली है। प्रश्नकाल के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगे जाएंगे। इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण रिपोर्ट और दस्तावेज भी सदन के पटल पर रखे जा सकते हैं। माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र के दौरान आज कई विषयों पर विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश करेगा।
आज के छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र में विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों का जवाब उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मंत्री गुरु खुशवंत साहेब देंगे। सदन में विभागीय कामकाज और योजनाओं को लेकर सदस्यों के सवालों का जवाब सरकार की ओर से दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय पेश कर सकते हैं अहम वार्षिक प्रतिवेदन
छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी का वार्षिक प्रतिवेदन सदन के पटल पर रख सकते हैं। इसके अलावा मंत्री लखनलाल देवांगन और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी अपने-अपने विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज सदन में प्रस्तुत कर सकते हैं।
Read more: CG Weather Today: क्या छत्तीसगढ़ में फिर जोर पकड़ेगा मानसून? रायपुर-दुर्ग-बिलासपुर में अगले 2 दिन बदलेगा मौसम
दो ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर रहेगी सबकी नजर
आज के छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र में दो महत्वपूर्ण ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। पहला मामला इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार से जुड़ा है, जबकि दूसरा शासकीय मुद्रणालय में प्रिंटिंग कार्य में कथित अनियमितताओं का है। इन दोनों मुद्दों पर सदन में तीखी बहस होने के आसार हैं।
समिति की रिपोर्ट भी होगी पेश
छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र के दौरान विधायक विक्रम उसेंडी गैर-सरकारी सदस्यों के विधेयकों और संकल्पों से संबंधित समिति का पहला प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत करेंगे। इस रिपोर्ट पर भी सदन का ध्यान रहेगा।
कई याचिकाएं और विधायी कार्य भी होंगे पेश
आज के छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र में विधायक कुंवर सिंह निषाद, सावित्री मंडावी और राघवेंद्र सिंह विभिन्न याचिकाएं सदन में पेश कर सकते हैं। इसके साथ ही सरकार की ओर से सात शासकीय विधायी कार्य भी सदन में प्रस्तुत किए जाने की संभावना है। ऐसे में आज की कार्यवाही कई अहम फैसलों और चर्चाओं के कारण महत्वपूर्ण मानी जा रही है।







