Balaghat Encroachment Drive Tension : बालाघाट: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के कोसमी पंचायत में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन की टीम को उस समय भारी विरोध का सामना करना पड़ा, जब एक व्यक्ति ने आत्मदाह की कोशिश की। वार्ड नंबर 7 में अवैध निर्माण को ढहाने की प्रक्रिया जैसे ही शुरू हुई, अतिक्रमणकारी मुकेश माहुले ने खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए शख्स को आग लगाने से रोक लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
दो माह पहले हुई थी शिकायत: प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, यह विवाद कोसमी पंचायत के वार्ड नंबर 7 का है। भूमि स्वामी विकास निगोसे ने लगभग दो महीने पहले जनसुनवाई के दौरान मुकेश माहुले द्वारा किए गए अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत पर संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने अतिक्रमणकारी को दो बार नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया था, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं किया गया।
बुलडोजर से ढहाया गया निर्माण: शनिवार को जब प्रशासन की टीम जेसीबी और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की, तब मुकेश माहुले ने विरोध स्वरूप आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। पुलिस की हस्तक्षेप के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और अतिक्रमण हटाने का कार्य जारी रहा। कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यक्ति के मकान और बाउंड्रीवाल को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया।











