Short Circuit Fire MP : बुरहानपुर: जिले के राजोरा और लोखंडिया गांव के बीच आज बिजली विभाग की लापरवाही ने किसानों पर कहर बरपा दिया। बिजली लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण खेतों में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस भयावह आगजनी में करीब 30 से 40 एकड़ में खड़ी मक्के की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई, जिससे क्षेत्र के किसानों को लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है.
दमकल की देरी पर फूटा गुस्सा: प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित किसानों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम काफी देरी से मौके पर पहुँची। किसान लखन चौहान ने बताया कि यदि दमकल समय पर आ जाती, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था. आग इतनी तेज थी कि इसके धुएं और लपटों के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को भी घंटों परेशान होना पड़ा.
मुआवजे की मांग: किसान संतोष ठाकरे और शिवराम ने बताया कि खेतों के ऊपर से गुजर रही ढीली बिजली लाइनों में शॉर्ट सर्किट होने से यह हादसा हुआ। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से सर्वे कराकर तत्काल उचित मुआवजे की मांग की है। मौके पर पहुँचे खकनार थाने के प्रधान आरक्षक राजेंद्र पाटिल ने बताया कि पुलिस टीम ने पहुँचकर स्थिति को संभाला और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया.











