Trump Hellhole Controversy : ट्रंप की ‘हेलहोल’ टिप्पणी पर भारत में सियासी उबाल: विपक्ष ने साधा पीएम मोदी की चुप्पी पर निशाना, विदेश मंत्रालय ने बताया ‘अरुचिकर’

0
78

Trump Hellhole Controversy : नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत को ‘हेलहोल’ (नर्क समान) बताने वाले एक पोस्ट को सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद भारत में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। इस विवादित टिप्पणी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी को लेकर विपक्षी दलों ने उन पर तीखे हमले किए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सवाल उठाया कि पीएम मोदी अपने ‘मित्र’ ट्रंप की इस अपमानजनक टिप्पणी पर मौन क्यों हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने व्यापार से लेकर कूटनीति तक हर स्तर पर भारत के हितों के साथ समझौता किया है।

तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने भी तंज कसते हुए पूछा कि क्या प्रधानमंत्री इस अपमान के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे या केवल चुनावी रैलियों में व्यस्त रहेंगे? उन्होंने ट्रंप द्वारा भारतीयों को ‘लैपटॉप वाले गैंगस्टर’ कहे जाने वाले पोस्ट का भी जिक्र किया। वहीं, शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया को बेहद ‘धीमा’ बताते हुए ईरान की कड़ी प्रतिक्रिया का उदाहरण दिया।

विपक्ष के बढ़ते दबाव के बीच भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इन टिप्पणियों को ‘अज्ञानी, अनुपयुक्त और अरुचिकर’ करार दिया। उन्होंने कहा कि ये शब्द भारत-अमेरिका के मजबूत रिश्तों की हकीकत को नहीं दर्शाते, जो आपसी सम्मान और साझा हितों पर आधारित हैं।

विवाद को बढ़ता देख अमेरिकी दूतावास ने डैमेज कंट्रोल की कोशिश की है। दूतावास की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि ट्रंप भारत को एक ‘महान’ देश मानते हैं और पीएम मोदी उनके ‘अच्छे मित्र’ हैं। हालांकि, चुनाव के समय आए इस बयान ने विपक्षी दलों को सरकार को घेरने का एक बड़ा मुद्दा दे दिया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और घरेलू राजनीति के बीच खींचतान बढ़ गई है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here