Shajapur Liquor Protest : शाजापुर/अकोदिया (किशोर नाथ राजगुरु): भीषण गर्मी और प्रशासनिक अनदेखी के खिलाफ शनिवार को अकोदिया मंडी के वार्ड क्रमांक 8 के रहवासियों का सब्र टूट गया। रिहायशी इलाके में शराब ठेके के स्थानांतरण से नाराज सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों ने 42 डिग्री तापमान की परवाह न करते हुए शुजालपुर रोड पर चक्काजाम कर दिया। 3 दिन पहले ज्ञापन सौंपने के बावजूद कोई ठोस कदम न उठाए जाने से नाराज प्रदर्शनकारी दोपहर 11 बजे से ही सड़क पर डटे रहे।
जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसके बाद तहसीलदार कन्हैया लाल चौहान और थाना प्रभारी संजय सिंह राजपूत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पार्षद रेखा राठौर ने बताया कि रिहायशी इलाके में शराबियों के जमावड़े से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा खतरे में थी।
जनता के कड़े विरोध और ‘आर-पार’ की लड़ाई के मूड को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल ठेके को सील करने की कार्रवाई की। तहसीलदार के आश्वासन और दुकान सील होने के बाद ही 2 घंटे बाद यातायात बहाल हो सका। ग्रामीणों ने दोटूक चेतावनी दी है कि यदि यह समाधान स्थायी नहीं हुआ, तो आंदोलन और उग्र होगा।











