तीन अलग-अलग घटनाओं से इंदौर में हड़कंप! पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एक ही दिन में तीन बड़ी घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां एक मासूम के सामने उसके पिता की बेरहमी से हत्या कर दी गई, वहीं दूसरी ओर अगरबत्ती फैक्ट्री में भीषण आग और पुलिस चौकी में आरोपी की आत्महत्या ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है।

बेटे के सामने पिता की हत्या, CCTV में कैद वारदात

हीरानगर थाना क्षेत्र के खातीपुरा इलाके में रविवार को 38 वर्षीय सुरेंद्र साहू की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि यह पूरी घटना उनके 8 साल के बेटे के सामने हुई। CCTV फुटेज में सुरेंद्र खून से लथपथ हालत में जान बचाने के लिए भागते नजर आए। बताया जा रहा है कि मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने पीछा कर ताबड़तोड़ हमला किया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

अगरबत्ती फैक्ट्री में भीषण आग

इसी दिन सुबह हम्माल कॉलोनी स्थित एक अगरबत्ती फैक्ट्री और गोदाम में भीषण आग लग गई। सुबह करीब 5 बजे लगी इस आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।आग में कच्चा माल, तैयार माल, मशीनें और केमिकल पूरी तरह जलकर राख हो गए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

पुलिस चौकी में आरोपी की आत्महत्या

वहीं बाणगंगा थाना क्षेत्र की भागीरथपुरा पुलिस चौकी में एक आरोपी ने फिनाइल पीकर आत्महत्या कर ली। आरोपी रामजी झा को वाहन चोरी के मामले में गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए लाया गया था। पूछताछ के दौरान उसने वॉशरूम में फिनाइल पी लिया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस पर उठे गंभीर सवाल

हिरासत में आरोपी की मौत के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मामले में चौकी प्रभारी संजय धुर्वे सहित एक अन्य पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है। जांच अधिकारी और एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह के अनुसार पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
Read more : CG News : पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप: चरचा में दो पक्षों की झड़प, 5 घायल, 2 गंभीर

शहर में बढ़ी दहशत, जांच तेज

इन तीनों घटनाओं के बाद इंदौर में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस सभी मामलों में अलग-अलग टीमें बनाकर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।


 

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *