CG NEWS : रोशन सेन /माकड़ी। राज्य शासन के निर्देशानुसार आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविरों की श्रृंखला के तहत ग्राम माकड़ी में शनिवार को एक व्यापक शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ आम नागरिकों को व्यक्तिगत योजनाओं का लाभ भी सुनिश्चित कर रही है। महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा प्रत्येक गांव के समग्र विकास हेतु योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
CG NEWS : विधायक उसेंडी ने “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके माध्यम से क्षेत्र में व्यापक स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि स्वास्थ्य टीमों को सही जानकारी देकर सहयोग करें, ताकि सभी के लिए स्वस्थ जीवन सुनिश्चित किया जा सके। कुपोषण और एनीमिया मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता पर भी उन्होंने जोर दिया।
CG NEWS : इस अवसर पर विधायक द्वारा कुल 13 करोड़ 79 लाख रुपए की लागत के 18 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें प्री-मैट्रिक आश्रम एवं कन्या आश्रम में क्लासरूम निर्माण, बालक छात्रावास में कक्ष निर्माण, लैब और लाइब्रेरी निर्माण सहित हीरावंडी से बालेंग तक पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण (6.50 किमी) तथा शासकीय महाविद्यालय माकड़ी भवन निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
CG NEWS : शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 27 हितग्राहियों को आवास की चाबी प्रदान की गई। समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण और पेंशन स्वीकृति दी। शिक्षा विभाग द्वारा जाति प्रमाण पत्र एवं गणवेश वितरित किए गए, वहीं श्रम विभाग ने श्रम कार्ड, खाद्य विभाग ने राशन कार्ड और उद्यान विभाग ने वर्मी बेड प्रदान किए।
CG NEWS : इसके अलावा कृषि एवं राजस्व विभाग द्वारा किसान किताब और बीज वितरण, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण किट और गोद भराई कार्यक्रम, पशुधन विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। सहकारी समिति के माध्यम से किसानों को केसीसी ऋण स्वीकृति भी दी गई।
CG NEWS : शिविर में कुल 57 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इस अवसर पर पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जनसमस्या निवारण शिविर को जनहित में एक प्रभावी पहल बताते हुए इसे शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम माना गया।












