Saturday, August 22, 2026
Home Madhya Pradesh उज्जैन : महाकाल मार्ग पर जर्जर भवन ढहा, मचा हड़कंप

उज्जैन : महाकाल मार्ग पर जर्जर भवन ढहा, मचा हड़कंप

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्यप्रदेश के उज्जैन से एक चौंकाने वाला हादसा सामने आया है, जहां गेबी हनुमान क्षेत्र में सोमवार शाम एक तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। यह घटना महाकाल मंदिर जाने वाले व्यस्त मार्ग पर हुई, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

समय रहते टला बड़ा हादसा

गनीमत रही कि आसपास मौजूद लोगों ने समय रहते स्थिति को भांप लिया और सड़क पर आवाजाही को रोक दिया। स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। अगर ट्रैफिक जारी रहता, तो यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था, क्योंकि इस रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाकाल मंदिर, गोपाल मंदिर और शिप्रा नदी की ओर जाते हैं।

Read more : भोपाल में महिला DSP ने वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ लगाए गंभीर आरोप, प्रशासन की खुली पोल

रहवासियों ने लगाए गंभीर आरोप

स्थानीय निवासियों का कहना है कि मकान शाम से ही झुकने लगा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पास में पोकलेन मशीन से चल रही तोड़फोड़ और खुदाई के कारण भवन की नींव कमजोर हो गई थी। साथ ही, पिछले एक महीने से मकान की नींव में पानी भरने की शिकायत भी की जा रही थी, लेकिन इस पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया।

नगर निगम ने दी सफाई

वहीं, नगर निगम ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा कि ढाबा रोड पर मार्ग चौड़ीकरण के तहत जर्जर भवन को नियमानुसार हटाया जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार, पूरी प्रक्रिया सुरक्षा मानकों और बैरिकेडिंग के साथ की जा रही थी।

मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंच गई। सीएसपी ने पुष्टि की है कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। फिलहाल मलबा हटाने और क्षेत्र को सुरक्षित करने का काम जारी है।इस घटना ने एक बार फिर शहर में जर्जर भवनों और निर्माण कार्यों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here