मुंबई। 60 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के मामले में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी से मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने करीब साढ़े चार घंटे तक पूछताछ की। यह पूछताछ शिल्पा के मुंबई स्थित घर पर हुई। EOW ने इस दौरान शिल्पा, उनके पति राज कुंद्रा समेत 5 लोगों के बयान दर्ज किए।
अधिकारियों ने दोनों से कंपनी के वित्तीय लेन-देन, निवेश प्रक्रिया और लाभ वितरण से जुड़े सवाल पूछे। राज कुंद्रा से इसी मामले में बीते हफ्ते भी पूछताछ हो चुकी है। उन्होंने बताया था कि निवेश की गई राशि का कुछ हिस्सा बिपाशा बसु, नेहा धूपिया और एकता कपूर को प्रोफेशनल फीस के रूप में दिया गया था।
क्या है पूरा मामला
मुंबई के बिजनेसमैन दीपक कोठारी ने अगस्त 2025 में शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर ₹60 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। शिकायत में कहा गया कि 2015 में कोठारी की मुलाकात एजेंट राजेश आर्या के जरिए शिल्पा और कुंद्रा से हुई थी। उस समय दोनों ‘बेस्ट डील टीवी’ नामक कंपनी के डायरेक्टर थे और शिल्पा के पास कंपनी के 87% शेयर थे।
कोठारी ने बताया कि उन्होंने कंपनी को ₹75 करोड़ का लोन देने पर सहमति दी थी, जिस पर 12% वार्षिक ब्याज तय हुआ। बाद में शिल्पा और कुंद्रा ने कहा कि लोन पर टैक्स दिक्कतें होंगी, इसलिए इसे इन्वेस्टमेंट के रूप में दिखाया जाए। इसके बाद कोठारी ने 31.95 करोड़ की पहली किश्त, और 2015 से 2016 के बीच कुल ₹60.48 करोड़ ट्रांसफर किए।
उन्होंने दावा किया कि अप्रैल 2016 में शिल्पा ने पर्सनल गारंटी भी दी, लेकिन उसी साल सितंबर में उन्होंने कंपनी से इस्तीफा दे दिया। बाद में कंपनी पर ₹1.28 करोड़ के डिफॉल्ट का मामला सामने आया। कोठारी ने कई बार पैसे मांगे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
पहले यह मामला जुहू पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ था। चूंकि रकम 10 करोड़ से अधिक थी, इसे EOW को ट्रांसफर कर दिया गया। फिलहाल जांच एजेंसी शिल्पा और राज की कंपनी के फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन और निवेश के रूट की जांच कर रही है।











