नकली नोट के साथ पकड़ाया युवक, कई फेक करेंसी ज़ब्त

Parivesh

भिलाई: भिलाई के चरोदा क्षेत्र में एक युवक को नकली नोट चलाने की कोशिश करते हुए पुरानी भिलाई पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महासमुंद निवासी है और इससे पहले भी उसी इलाके में फर्जी नोट चलाने की कोशिश कर चुका था। सोमवार को वह एक बेकरी में आइसक्रीम खरीदने के बहाने पहुंचा और दुकानदार को 500 रुपए का नकली नोट थमा दिया। नोट पर शक होने पर दुकानदार ने सूझबूझ दिखाते हुए युवक को बातों में उलझाए रखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक की तलाशी ली, जिसमें उसकी जेब से कुल 29 नकली नोट बरामद हुए—500 रुपए के 18 और 200 रुपए के 11 नोट। एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि युवक पहले भी इसी दुकान पर नकली नोट का इस्तेमाल कर चुका था। इस बार दुकानदार की सतर्कता के चलते फर्जीवाड़ा पकड़ में आ गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *