लखनऊ [Nishanebaaz News]। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने सपा के बहुचर्चित ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर तंज कसते हुए कहा कि गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले लोग अपनी सुविधा के हिसाब से परिभाषाएं भी बदल लेते हैं।
सीएम योगी ने चुटकी लेते हुए कहा कि “पहले इन लोगों ने P की परिभाषा ‘पिछड़ा’ से की, फिर चुनाव आते ही ‘पंडित’ से कर दी और अगर यही हाल रहा तो एक दिन ये लोग P की परिभाषा ‘पाकिस्तान’ से भी कर देंगे।”
तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के निधन का किया जिक्र
विधानसभा में बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले 9 वर्षों के शासनकाल के दौरान तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों का निधन हुआ। वे तीनों अलग-अलग राजनीतिक दलों से संबंध रखते थे, लेकिन उन्होंने मुख्यमंत्री के तौर पर सभी के लिए आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया।
सीएम योगी ने विशेष रूप से भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ‘श्रद्धेय बाबूजी’ कल्याण सिंह के निधन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह का निधन उनके और पूरी पार्टी के लिए असहनीय क्षति थी। उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने सारे व्यस्त कार्यक्रम छोड़कर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने लखनऊ आए थे और राज्य सरकार की पूरी कैबिनेट अंतिम संस्कार में मौजूद रही थी।
‘मायावती ने दी श्रद्धांजलि, पर सपा ने संवेदना तक नहीं जताई’
सपा के आचरण पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद सामान्य शिष्टाचार का पालन करते हुए बहुजन समाज पार्टी (BSP) की मुखिया मायावती खुद आकर बाबूजी (कल्याण सिंह) को श्रद्धांजलि दी थी।
-
सपा पर आरोप: सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेताओं ने न तो व्यक्तिगत रूप से जाकर श्रद्धांजलि दी और न ही शब्दों से कोई संवेदना व्यक्त की।
-
सनातन और पिछड़ों का अपमान: मुख्यमंत्री ने इस रवैये को बेहद शर्मनाक करार दिया। उन्होंने कहा कि “इससे बड़ा अपमान और क्या हो सकता है? यह सिर्फ बाबूजी कल्याण सिंह का अपमान नहीं था, बल्कि यह जातीय अपमान था और हर सनातन हिंदू का अपमान था।”





