Sunday, September 27, 2026
Home Chhattisgarh Antarrashtriya Hindu Parishad : दीपू दास की हत्या पर बवाल : अंतर्राष्ट्रीय...

Antarrashtriya Hindu Parishad : दीपू दास की हत्या पर बवाल : अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद ने फूंका बांग्लादेश सरकार का पुतला, की कार्रवाई की मांग

Antarrashtriya Hindu Parishad : रायगढ़। पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार और हाल ही में दीपू दास की नृशंस हत्या कर शव को जलाने की घटना के विरोध में रायगढ़ जिला मुख्यालय में भारी आक्रोश देखा गया। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सड़कों पर उतरकर जबरदस्त प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार और जिहादी आतंकवाद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

जिला अध्यक्ष वरुण सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख और रोष व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार और जिहादी आतंकवादियों का पुतला दहन किया। हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और वहां की सरकार हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष वरुण सिंह ने भारत सरकार से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार को बांग्लादेश सरकार पर कड़ा राजनयिक दबाव बनाना चाहिए ताकि दीपू दास की हत्या के दोषियों को फांसी की सजा मिल सके। साथ ही, उन्होंने मांग की है कि पड़ोसी देश में रह रहे हिंदुओं की जान-माल और उनके धार्मिक स्थलों की सुरक्षा की गारंटी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुनिश्चित की जाए।

प्रदर्शन के दौरान ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। सैकड़ों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे दुनिया के किसी भी कोने में हिंदुओं पर होने वाले अत्याचार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि हिंदुओं पर हमले नहीं रुके, तो आंदोलन को और भी उग्र रूप दिया जाएगा।

इस विरोध प्रदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल रहे। सुरक्षा के लिहाज से प्रदर्शन स्थल पर पुलिस बल भी तैनात रहा। अंत में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर भारत सरकार से प्रभावी कार्रवाई की अपील की गई।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here