Monday, September 28, 2026
Home Madhya Pradesh Umang Singhar Budget Reaction : बजट में मध्य प्रदेश का खाता खाली...

Umang Singhar Budget Reaction : बजट में मध्य प्रदेश का खाता खाली : उमंग सिंघार बोले — “29 सांसद देने के बाद भी प्रदेश से हुआ भेदभाव”

Umang Singhar Budget Reaction : भोपाल। केंद्रीय बजट 2026-27 के पेश होने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बजट प्रतिक्रिया में कहा कि यह बजट मध्य प्रदेश की उम्मीदों पर तुषारापात है। उन्होंने भाजपा के उस चुनावी नारे पर तंज कसा जिसमें मध्य प्रदेश को ‘मायका’ बताया जाता था। सिंघार ने कहा, “भाजपा के लोग मध्य प्रदेश को अपना मायका कहते हैं, लेकिन बजट देखकर लगता है कि ससुराल वाले अब मायके वालों को पूरी तरह भूल गए हैं।”

29 सांसद दिए, फिर भी भेदभाव उमंग सिंघार ने प्रदेश की जनता और सांसदों के प्रति केंद्र के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि मध्य प्रदेश ने भाजपा को 29 में से 29 सांसद दिए, लेकिन बदले में प्रदेश को केंद्रीय करों की कटौती और योजनाओं में उपेक्षा मिली। उन्होंने कहा कि जब काम करवाने की बात आती है तो भाजपा ‘डबल इंजन’ की बात करती है, लेकिन जब बजट देने का समय आता है तो ‘सिंगल इंजन’ सरकार बन जाती है।

सिंहस्थ और आदिवासी योजनाओं में ‘शून्य’ सिंघार ने विशेष रूप से सिंहस्थ 2028 का मुद्दा उठाते हुए कहा कि राज्य सरकार ने इसके लिए 20 हजार करोड़ रुपये की मांग की थी, लेकिन बजट में इसके लिए कोई विशेष प्रावधान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर बड़े व्यापारियों के लिए सेमीकंडक्टर योजना लाई जा रही है, वहीं दूसरी ओर आदिवासी और दलितों से जुड़ी परियोजनाओं के बजट में कटौती कर दी गई है। उन्होंने ‘जल जीवन मिशन’ में बजट कटौती पर कटाक्ष करते हुए कहा, “घर-घर मोदी, घर-घर पानी का नारा लगाने वालों के राज में न मोदी आ रहे हैं, न पानी।”

सत्र में घेरेगी कांग्रेस: पूरी तैयारी आगामी मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र को लेकर उमंग सिंघार ने स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस विधायक दल हर विभाग की कमजोरी को सदन में उठाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का जनसंपर्क अभियान केवल ‘झूठ का कैंपेन’ है, जिसका जनता पर कोई असर नहीं होगा। कांग्रेस किसानों, युवाओं और आदिवासी हितों की अनदेखी को लेकर विधानसभा में सरकार से जवाब मांगेगी।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here