TRS College Rewa Deemed University : रीवा। मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग और रीवा संभाग के लिए बड़ी खुशखबरी है। रीवा का प्रतिष्ठित ठाकुर रणमत सिंह (TRS) स्वशासी महाविद्यालय अब डीम्ड यूनिवर्सिटी (Deemed-to-be-University) बनने की राह पर है। यूजीसी के कड़े मापदंडों को पूरा करने वाले प्रदेश के केवल तीन कॉलेजों में टीआरएस कॉलेज ने अपनी जगह बनाई है।
प्रदेश के ये तीन कॉलेज हैं दौड़ में: उच्च शिक्षा विभाग द्वारा चयनित तीन प्रमुख संस्थानों में शामिल हैं:
- टीआरएस कॉलेज, रीवा
- एक्सीलेंस कॉलेज, भोपाल
- साइंस कॉलेज, जबलपुर
क्या है डीम्ड यूनिवर्सिटी बनने की प्रक्रिया? टीआरएस कॉलेज की प्राचार्य डॉ. अर्पिता अवस्थी ने बताया कि डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा पाने के लिए महाविद्यालय को तीन मुख्य चरणों से गुजरना होता है:
-
प्रथम चरण (रजिस्ट्रेशन): यूजीसी के पोर्टल पर कॉलेज का सफल रजिस्ट्रेशन। (टीआरएस कॉलेज यह चरण पूरा कर चुका है)।
-
द्वितीय चरण (फॉर्म सबमिशन व NOC): विस्तृत फॉर्म जमा करना, जिसके बाद मध्य प्रदेश सरकार अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करती है।
-
अंतिम चरण (यूजीसी निरीक्षण): यूजीसी का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल कॉलेज का भौतिक निरीक्षण करेगा। यदि कॉलेज मानकों पर खरा उतरता है, तो उसे डीम्ड यूनिवर्सिटी घोषित कर दिया जाएगा।
दर्जा मिलने के फायदे: डीम्ड यूनिवर्सिटी बनने के बाद कॉलेज को यूजीसी से विशेष ग्रांट (अनुदान) प्राप्त होगा। इसके साथ ही कॉलेज को अपना पाठ्यक्रम स्वयं निर्धारित करने, नए शोध (Research) केंद्र खोलने और डिग्री प्रदान करने में अधिक स्वायत्तता और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे विंध्य के हजारों छात्रों को उच्च स्तरीय शोध और शिक्षा के अवसर रीवा में ही उपलब्ध होंगे।











