Big Change for Tourists: नई दिल्ली। यदि आप आने वाले दिनों में जापान की यात्रा करने का मन बना रहे हैं या वहां से गैजेट्स, कॉस्मेटिक्स और घड़ियाँ खरीदने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके बजट को सीधे तौर पर प्रभावित करने वाली है। जापान सरकार आगामी 1 नवंबर से विदेशी पर्यटकों के लिए टैक्स-फ्री (Tax-Free) शॉपिंग की व्यवस्था में आमूलचूल बदलाव करने जा रही है।
अब तक प्रचलित व्यवस्था के अनुसार, विदेशी पर्यटक जापान के प्रमाणित टैक्स-फ्री स्टोर्स से खरीदारी करते समय अपना पासपोर्ट दिखाकर सीधे 10% तक के उपभोग कर (Consumption Tax) की छूट पा लेते थे। लेकिन 1 नवंबर से यह पुरानी व्यवस्था पूरी तरह समाप्त हो जाएगी और इसकी जगह एक नया ‘रिफंड सिस्टम’ लागू होगा।
क्या है नया नियम और कैसे काम करेगा नया सिस्टम?
नए नियमों के लागू होने के बाद, जब कोई विदेशी सैलानी जापान के किसी भी स्टोर से खरीदारी करेगा, तो उसे काउंटर पर सामान की वास्तविक कीमत के साथ-साथ पूरा टैक्स भी चुकाना होगा। यानी खरीदारी के वक्त ऑन-स्पॉट कोई डिस्काउंट नहीं मिलेगा।
टैक्स का पैसा वापस पाने के लिए पर्यटकों को नीचे दी गई प्रक्रिया का पालन करना होगा:
-
एयरपोर्ट पर वेरिफिकेशन: जापान से अपने देश वापस लौटते समय पर्यटकों को एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों के पास जाना होगा।
-
सामान और बिल की प्रस्तुति: कस्टम काउंटर पर यात्रियों को खरीदा गया सामान, उसकी मूल खरीद की रसीदें (Bills), पासपोर्ट और अन्य आवश्यक यात्रा दस्तावेज भौतिक रूप से दिखाने होंगे।
-
खाते में आएगा रिफंड: अधिकारियों द्वारा सामान और दस्तावेजों का मिलान सही पाए जाने के बाद, टैक्स की पूरी रकम पर्यटक के बैंक खाते या निर्दिष्ट माध्यम में वापस (Refund) ट्रांसफर कर दी जाएगी।
सरकार को क्यों उठाना पड़ा यह सख्त कदम?
जापान सरकार के आधिकारिक बयान के अनुसार, मौजूदा टैक्स-फ्री सिस्टम का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग हो रहा था। कई विदेशी पर्यटक और सिंडिकेट जापान में टैक्स-फ्री नियमों का फायदा उठाकर सस्ते में लग्जरी सामान खरीद लेते थे और नियम के मुताबिक उसे अपने देश ले जाने के बजाय, जापान के स्थानीय बाजारों में ही ऊंचे दामों पर बेच देते थे।
चूंकि यह टैक्स छूट केवल उन सामानों के लिए है जिन्हें पर्यटक अपने साथ देश से बाहर ले जाते हैं, इसलिए इस फर्जीवाड़े और टैक्स चोरी को रोकने के लिए सरकार ने ‘पहले भुगतान, बाद में रिफंड’ (Pay First, Refund Later) की यह पारदर्शी व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है।
पर्यटकों जेब पर पड़ेगा शुरुआती असर, इन बातों का रखें ध्यान
इस नए नियम से जापान जाने वाले भारतीय पर्यटकों की जेब पर शुरुआती बोझ बढ़ जाएगा, क्योंकि उन्हें यात्रा के दौरान खरीदारी के लिए पहले से ज्यादा लिक्विड कैश या कार्ड लिमिट रखनी होगी।
यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सलाह:
जापान में खरीदारी के बाद किसी भी सामान को वहीं इस्तेमाल करने या उसकी पैकेजिंग/रसीद को फेंकने की गलती भूलकर भी न करें। अगर एयरपोर्ट पर कस्टम चेकिंग के दौरान बिल के मुताबिक सामान आपके बैग में नहीं मिला, तो आपका रिफंड पूरी तरह से रोक दिया जाएगा। डिजिटल युग में यात्रा को सुगम बनाए रखने के लिए सभी बिलों को एक सुरक्षित फोल्डर में संभाल कर रखें।







