Top 10 News Today 23 May 2025 : निशाने पर आज, दिनभर की MP-CG समेत देश-दुनिया की 10 बड़ी और अहम ख़बरें, एक नजर में…

0
154

Top 10 News Today 23 May 2025 : मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ से लेकर देश-दुनिया तक की 10 बड़ी और अहम खबरें जो आज दिनभर चर्चा में रहीं। राजनीति, विकास, सुरक्षा, न्याय और अंतरराष्ट्रीय हलचलों से जुड़ी ये प्रमुख अपडेट्स एक नजर में, संक्षेप और साफ़ अंदाज़ में।

1 . सेंट्रल जीएसटी विभाग में 62 अधीक्षकों का तबादला

रायपुर: केंद्रीय जीएसटी (सेंट्रल जीएसटी) विभाग, रायपुर ने अधीक्षक ग्रेड में कार्यरत 62 अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। इस आदेश के तहत अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी फेरबदल किया गया है। यह कदम विभागीय प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने और कार्य संचालन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

2 . तिरुमाला मंदिर परिसर में नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल

आंध्र प्रदेश के तिरुमाला स्थित प्रसिद्ध तिरुपति मंदिर परिसर के पास एक व्यक्ति के नमाज अदा करने का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। यह वीडियो कथित तौर पर तिरुमाला कल्याण मंडपम के पास का है, जहां एक व्यक्ति को हजरत टोपी पहनकर खुले में नमाज पढ़ते हुए देखा गया। इस घटना को लेकर श्रद्धालुओं में आक्रोश है और कई लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया है।

3 . TI Transfer List: कई थाना प्रभारियों का तबादला

बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह ने जिले में पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार, कुल सात निरीक्षक और एक उप निरीक्षक का तबादला किया गया है। नए आदेश के तहत निरीक्षक किशोर केवट को सिरगिट्टी थाना प्रभारी बनाया गया है, वहीं निरीक्षक राहुल तिवारी अब कोनी थाना की कमान संभालेंगे। इसके अलावा, निरीक्षक अनिल अग्रवाल को तखतपुर थाना प्रभारी और निरीक्षक रविंद्र अनंत को आजाक थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। निरीक्षक नवीन देवांगन को यातायात थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

4 . नक्सली मुठभेड़: C-60 कमांडो ने 4 हार्डकोर नक्सलियों को किया ढेर

गढ़चिरौली : छत्तीसगढ़ से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में सुरक्षाबलों को नक्सलवाद के खिलाफ एक और बड़ी सफलता मिली है। C-60 कमांडो यूनिट ने एक मुठभेड़ में चार हार्डकोर नक्सलियों को मार गिराया। जवानों ने मारे गए नक्सलियों के शवों के साथ हथियार भी बरामद किए हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। इस कार्रवाई की पुष्टि डीआईजी अंकित गोयल ने की है।

5 . Dhamtari News : पंचायत सचिव शराब के नशे में पहुंचा समाधान शिविर

गट्टासिल्ली गांव में आयोजित समाधान शिविर के दौरान आमदी पंचायत का सचिव शराब के नशे में पहुंच गया, जिससे कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न हुआ। शिविर में मौजूद महिला सरपंच ने सचिव की शिकायत की और बताया कि वह नियमित रूप से शराब के नशे में पंचायत कार्यालय आता है। सरपंच की शिकायत के बाद मामला तूल पकड़ गया।जांच के बाद जिला पंचायत के सीईओ ने सचिव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

6 . Mandsaur News : BJP नेता मनोहरलाल धाकड़ पर FIR दर्ज

मंदसौर। Mandsaur News : जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति को सड़क पर महिला के साथ आपत्तिजनक हरकत करते हुए देखा गया। वीडियो में नजर आ रहे शख्स की पहचान भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेता मनोहरलाल धाकड़ के रूप में की गई है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वयं संज्ञान लिया और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

7 . मॉस्को में ड्रोन अटैक : भारतीय सांसदों की फ्लाइट लैंडिंग से पहले हवा में अटकी….

रूस की राजधानी मॉस्को में एक बार फिर ड्रोन अटैक की घटना सामने आई है, जिसने अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हमले के वक्त एक फ्लाइट, जिसमें भारत के कई सांसद सवार थे, मॉस्को एयरस्पेस में दाखिल हो चुकी थी। सुरक्षा कारणों से विमान की लैंडिंग तुरंत रोक दी गई और फ्लाइट को कई मिनटों तक हवा में चक्कर लगाना पड़ा।

8 . रायपुर : एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल पर बड़ी कार्रवाई

रायपुर। शहर के प्रतिष्ठित एमएमआई नारायणा अस्पताल पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कलेक्टर कार्यालय ने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी करते हुए उसका लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कार्रवाई सितंबर 2024 में भारती देवी खेमानी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में की गई है।भारती देवी की मौत एयर एम्बुलेंस से शिफ्टिंग के दौरान हुई थी। उनके बेटे ने लगातार सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया था। कलेक्टर ने मामले की जांच के बाद अस्पताल पर 20 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है।

9 . रायपुर बैडमिंटन कोर्ट में डेमो के दौरान युवक की मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर के सप्रे शाला स्थित जिला बैडमिंटन कोर्ट में आज शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक खिलाड़ी की अचानक मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय हिमांशु श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जो भिलाई सेक्टर-04 का निवासी था।

10 . Bilaspur News : 2 मासूमों की करंट लगने से दर्दनाक मौत….

बिलासपुर। Bilaspur News : बिल्हा थाना क्षेत्र के बरतोरी गांव में गर्मी की छुट्टियां मनाने आए दो मासूमों की जान एक दर्दनाक हादसे में चली गई। घर में लगे कूलर में करंट आने से दोनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे छुट्टियों में अपनी बड़ी मम्मी के घर आए हुए थे। हादसे के समय घर में सभी लोग मौजूद नहीं थे। इसी दौरान बच्चों ने शायद कूलर को छूने की कोशिश की और उन्हें बिजली का जोरदार झटका लगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here