Friday, October 2, 2026
Home Tech Tech: iPhone के नाम में क्यों है छोटा ‘i’? बहुत कम जानते...

Tech: iPhone के नाम में क्यों है छोटा ‘i’? बहुत कम जानते हैं इसके पीछे की पूरी सोच

Tech: iPhone का नाम सुनते ही सबसे पहले Apple का ख्याल आता है, लेकिन इसके नाम में मौजूद छोटा ‘i’ अपने आप में Apple की ब्रांडिंग की एक दिलचस्प कहानी समेटे हुए है। आज कई लोग इसे सीधे Internet से जोड़ते हैं, लेकिन यह इसका सिर्फ एक हिस्सा है।

iPhone से पहले iMac में दिखा था ‘i’

साल 1998 में लॉन्च हुए iMac के साथ कंपनी ने इस नामकरण को प्रमुखता से इस्तेमाल किया। उस दौर में Apple आर्थिक मुश्किलों से गुजर रहा था और Steve Jobs की कंपनी में वापसी के बाद iMac को एक अहम प्रोडक्ट के तौर पर पेश किया गया।

iMac के लॉन्च के दौरान Jobs ने बताया था कि इस छोटे अक्षर को केवल एक शब्द का शॉर्ट फॉर्म समझना सही नहीं होगा। इसके पीछे कई विचार जुड़े हुए हैं, जो Apple के प्रोडक्ट को आम यूजर से जोड़ने की कोशिश को दिखाते हैं।

Steve Jobs ने बताए थे ‘i’ के 5 मतलब

iMac के लॉन्च के दौरान Apple ने ‘i’ से जुड़े पांच शब्दों को सामने रखा था। इसमें Internet सबसे चर्चित अर्थ था, क्योंकि उस समय इंटरनेट से जुड़ना आज की तुलना में काफी मुश्किल माना जाता था। iMac को इस प्रक्रिया को आसान बनाने वाले कंप्यूटर के रूप में पेश किया गया था।

इसके अलावा ‘i’ को Individual, Instruct, Inform और Inspire से भी जोड़ा गया। Individual का संबंध यूजर की व्यक्तिगत जरूरतों से था, Instruct सीखने और सिखाने की प्रक्रिया को दर्शाता था। Inform का मतलब जानकारी तक पहुंच और Inspire का अर्थ लोगों को नए विचारों के साथ कुछ करने के लिए प्रेरित करना था। इसलिए इसे सिर्फ ‘Internet’ कहना पूरी कहानी नहीं बताता।

iMac से iPod और फिर iPhone तक पहुंचा ‘i’

iMac के बाद Apple ने इस नामकरण को दूसरे प्रोडक्ट्स में भी आगे बढ़ाया। साल 2001 में iPod लॉन्च हुआ और ‘i’ Apple की प्रोडक्ट पहचान का हिस्सा बन गया। इसके कुछ साल बाद 9 जनवरी 2007 को Steve Jobs ने दुनिया के सामने पहला iPhone पेश किया।

उस समय iPhone को केवल एक मोबाइल फोन के तौर पर नहीं बताया गया था। Jobs ने इसे फोन, टचस्क्रीन iPod और इंटरनेट कम्युनिकेटर के मेल के रूप में पेश किया था। ऐसे में iPhone के नाम में मौजूद ‘i’ Apple की पुरानी ब्रांडिंग से भी जुड़ गया।

अब हर Apple डिवाइस में क्यों नहीं दिखता ‘i’?

समय के साथ इंटरनेट और डिजिटल कनेक्टिविटी रोजमर्रा की तकनीक का हिस्सा बन गई। इसके बाद Apple ने कई नए प्रोडक्ट्स के नाम में ‘i’ का इस्तेमाल नहीं किया। जैसे Apple Watch, Apple TV और Apple Vision Pro।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here