Surguja News:सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में राजीव गांधी शिक्षा मिशन के तहत वर्ष 2011-12 में हुई करोड़ों रुपये की फर्नीचर खरीदी में कथित घोटाले को लेकर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। ACB ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में राजीव गांधी शिक्षा मिशन के तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी एसपी पाण्डेय और दर्शन फेब्रिकेशन फर्म के प्रोपराइटर संजय पटेल समेत तीन लोग शामिल हैं।
दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड किए गए थे जब्त
बताया जा रहा है कि घोटाले की जांच के दौरान सामने आए दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर ACB ने यह कार्रवाई की है। करीब दो महीने पहले ACB की टीम ने संबंधित कार्यालय पहुंचकर फर्नीचर खरीदी से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए थे।
जांच के दौरान वर्ष 2011-12 में हुई फर्नीचर खरीदी में विभाग के करीब 6 से 7 अधिकारियों की भूमिका सामने आने की बात कही जा रही है। इसके अलावा फर्नीचर की आपूर्ति से जुड़ी करीब 12 फर्मों की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है।
फर्जी आपूर्ति के दस्तावेजों से भुगतान का आरोप
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2011-12 में राजीव गांधी शिक्षा मिशन के माध्यम से स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के लिए बड़े पैमाने पर फर्नीचर खरीदा गया था। इसके लिए 12 अलग-अलग फर्मों से फर्नीचर की आपूर्ति की गई थी और इस पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए थे।
बाद में खरीदी में वित्तीय अनियमितता के आरोप सामने आए। शिकायतों की जांच में यह बात सामने आने का दावा किया गया कि कई संस्थानों तक फर्नीचर पहुंचा ही नहीं था। इसके बावजूद संबंधित फर्मों की ओर से आपूर्ति के दावे किए गए और प्रमाण-पत्र व बिल प्रस्तुत किए गए। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर भुगतान किए जाने का आरोप है। मामले में IPC की धारा 420, 120-B और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1) व 13(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
Surguja News:शिकायत के बाद ACB जांच शुरू हुई
राजीव गांधी शिक्षा मिशन के तहत फर्नीचर खरीदी में कथित गड़बड़ी को लेकर प्रदेश कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के महासचिव परवेज आलम ने दस्तावेजों के साथ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद राज्य सरकार ने मामले की जांच ACB को सौंपने का निर्णय लिया था। अब ACB की जांच और तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल ACB मामले से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।





