सूरजपुर। Surajpur News : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिक्षा विभाग में पदस्थ विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) पंडित भारद्वाज को युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया में भारी गड़बड़ी के चलते सस्पेंड कर दिया गया है। सरगुजा संभाग आयुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने यह सख्त कार्रवाई की है।
Surajpur News : जांच में सामने आया कि रामानुजनगर ब्लॉक के शासकीय स्कूलों में फर्जी रिक्त पद दर्शाकर अनियमित तबादले कराए गए थे। खासकर भुवनेश्वरपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पहले से कार्यरत 4 अंग्रेजी व्याख्याताओं के बावजूद दो और रिक्त पद दिखाकर अतिरिक्त शिक्षकों की पदस्थापना कराई गई।
इतना ही नहीं, प्राथमिक शालाओं सरईपारा (जगतपुर) और देवनगर में छात्र संख्या के मुकाबले ज्यादा शिक्षक पद दर्शाकर गैरजरूरी नियुक्तियां की गईं। हाई स्कूल सुमेरपुर में भी कला संकाय के शिक्षक राजेश जायसवाल को विज्ञान विषय का दिखाकर एक और विज्ञान शिक्षक की तैनाती कराई गई।
इन अनियमितताओं को लेकर आयुक्त कार्यालय में शिकायत मिलने के बाद जांच बिठाई गई थी, जिसके बाद आरोप प्रमाणित होने पर बीईओ पंडित भारद्वाज को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। निलंबन अवधि में उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा और उनका मुख्यालय बलरामपुर-रामानुजगंज जिला शिक्षा कार्यालय रहेगा।










