Friday, August 21, 2026
Home Chhattisgarh Sugar Price Increase: आम आदमी की थाली से मिठास गायब! 45 दिनों...

Sugar Price Increase: आम आदमी की थाली से मिठास गायब! 45 दिनों में शक्कर के दाम 42 से बढ़कर 71 रुपए किलो

Sugar Price Hike
Sugar Price Hike

Sugar Price Increase: रायपुर। महज डेढ़ महीने में शक्कर की कीमतों में हुई तेज बढ़ोतरी ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। थोक बाजार में जिस शक्कर की कीमत जुलाई में करीब 42 से 43 रुपए प्रति किलो थी, वह अब बढ़कर 70 से 71 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है। करीब 45 दिनों में शक्कर के दाम में लगभग 28 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी से थोक से लेकर खुदरा बाजार तक हलचल मची हुई है।

शक्कर की कीमतों में इस तेजी का असर घरेलू बजट के साथ-साथ मिठाई और बेकरी कारोबार पर भी पड़ने की आशंका है। कारोबारियों के मुताबिक, सप्लाई में कमी और एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के बड़े पैमाने पर इस्तेमाल को कीमतों में बढ़ोतरी की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने का इस्तेमाल बढ़ा

केंद्र सरकार की एथेनॉल ब्लेंडिंग नीति के तहत ईंधन में एथेनॉल का मिश्रण बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए गन्ने के रस और शीरे का इस्तेमाल बढ़ा है। इससे शक्कर उत्पादन के लिए उपलब्ध गन्ने की मात्रा प्रभावित हुई है।

इसके अलावा इस सीजन में गन्ने की पैदावार में कमी और चीनी मिलों में सीमित स्टॉक बचने के कारण बाजार में शक्कर की आवक कमजोर बताई जा रही है। मांग के मुकाबले सप्लाई कम होने से कीमतों में लगातार तेजी बनी हुई है।

महाराष्ट्र से आने वाली सप्लाई भी कमजोर

छत्तीसगढ़ के बाजारों में शक्कर की बड़ी खेप महाराष्ट्र के लातूर और बीड जिलों से आती है। कारोबारियों के मुताबिक, इस बार इन क्षेत्रों से सप्लाई अपेक्षाकृत कमजोर रहने के कारण स्थानीय मंडियों में शक्कर की आवक प्रभावित हुई है। माल की कमी के चलते खुले बाजार में कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इसका असर चाय-कॉफी से लेकर मिठाई, बेकरी और अन्य खाद्य उत्पादों की लागत पर भी पड़ सकता है।

त्योहारों से पहले बढ़ सकती है परेशानी

आने वाले त्योहारों के सीजन में शक्कर की मांग बढ़ने की संभावना है। रक्षाबंधन, गणेश चतुर्थी, दशहरा और दीपावली के दौरान मिठाई की खपत बढ़ती है। ऐसे में यदि सप्लाई में सुधार नहीं हुआ तो मिठाइयों और शक्कर से तैयार होने वाले अन्य उत्पादों के दाम बढ़ सकते हैं।

45 दिनों में 28 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी

बिलासपुर व्यापार विहार के थोक कारोबारी के.सी. वाधवानी के अनुसार, बिलासपुर मंडी में शक्कर की आवक काफी कम हो गई है। जुलाई में जहां शक्कर 42 से 43 रुपए प्रति किलो के आसपास मिल रही थी, वहीं अब इसका थोक भाव करीब 71 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया है।

Sugar Price Increase: एक अन्य थोक कारोबारी पुरुषोत्तम अग्रवाल के मुताबिक, शक्कर की कीमतों में इतनी तेजी अप्रत्याशित है। आने वाले दिनों में कीमतें किस स्तर तक पहुंचेंगी, इसका अनुमान लगाना फिलहाल मुश्किल है। कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के कारण बाजार में खरीदारी और मांग में भी कमी देखी जा रही है। अब कारोबारियों की नजर शक्कर की आवक और आगामी दिनों में सप्लाई की स्थिति पर है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here