रायपुर। Nishaanebaz.com-Smriti Irani CG Visit: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के पहले छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन राजधानी रायपुर में बैठकों का दौर जारी रहा। प्रवास के दूसरे दिन उन्होंने पार्टी के सांसदों के साथ एक अहम मैराथन बैठक की। इस बैठक में स्मृति ईरानी ने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ राज्य सरकार के कामकाज के बेहतर संचालन को लेकर गहन चर्चा की और सांसदों से फीडबैक लिया।
सांसदों ने दिए सुझाव, वन-टू-वन चर्चा पर रहा जोर
बैठक के दौरान स्मृति ईरानी ने प्रत्येक सांसद से व्यक्तिगत रूप से चर्चा की। सांसदों ने बैठक में हुई चर्चा और प्रमुख बिंदुओं की जानकारी साझा की:
-
सांसद बृजमोहन अग्रवाल: बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि संगठन और सरकार के कामकाज को और अधिक बेहतर बनाने के लिए सभी से सुझाव मांगे गए थे। स्मृति ईरानी ने भी कई महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिए। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए संगठन, सांसदों, विधायकों और जमीनी कार्यकर्ताओं की क्या भूमिका होनी चाहिए, इस पर विस्तृत चर्चा हुई। संगठन और सरकार जब पूरी तरह मिलकर काम करेंगे, तभी आने वाले समय में दोबारा सत्ता में आकर जनता की सेवा की जा सकती है।
-
सांसद विजय बघेल: सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने सांसदों के साथ वन-टू-वन चर्चा की है। उन्होंने अपनी-अपनी लोकसभा क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और आम जनता तक उनकी पहुंच को लेकर खुलकर बातचीत की और फीडबैक लिया।
-
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा: राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने बताया कि पार्टी की विचारधारा को धरातल पर पूरी मजबूती से उतारने को लेकर मंथन हुआ है। सत्ता और संगठन के बीच किस तरह बेहतर तालमेल बनाया जाए, इस पर विशेष रणनीति तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी छत्तीसगढ़ की राजनीतिक और सामाजिक स्थिति से पहले से परिचित हैं और वे संगठन के इस दायित्व को बेहद बखूबी निभाएंगी।
स्मृति ईरानी के इस पहले छत्तीसगढ़ दौरे से भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस मैराथन बैठक के बाद आगामी समय में सत्ता और संगठन के स्तर पर कई नए रणनीतिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।