गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। Nishaanebaz.com-Raigarh Police Action: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में राहगीरों और वाहन चालकों को अपना निशाना बनाकर मोबाइल झपटमारी तथा लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया आईफोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस को दी गई पहली शिकायत में ग्राम टेरम निवासी सूरज राठिया ने बताया कि 13 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे जब वह घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर बंगाली ढाबा के पास से गुजर रहा था, तब काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवकों ने उसकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पीछे बैठे युवक के माध्यम से उसकी जेब से आईफोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत झपटमारी का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी थी।
दूसरी गंभीर घटना 16 अक्टूबर की रात करीब दो बजे की है, जब बिहार निवासी ट्रेलर चालक रंजीत कुमार सिंह अपने वाहन से गुजर रहा था। घरघोड़ा बाईपास स्थित हनुमान ईंट भट्ठे के सामने उसी काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसके ट्रेलर को ओवरटेक कर रुकवाया। आरोपियों ने धारदार चाकू दिखाकर उसे नीचे उतारा, गाली-गलौज की तथा हाथ-मुक्कों व बेल्ट से मारपीट की। पांच हजार रुपये की मांग पूरी न होने पर उन्होंने उसका रेडमी मोबाइल, कवर में रखे तीन हजार रुपये नकद और ड्राइविंग लाइसेंस लूट लिया तथा शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में घरघोड़ा थाने की टीम ने संदिग्धों की तलाश तेज कर दी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और हुलिए के आधार पर दो संदेहियों, सुरेन्द्र चौहान और सुमेष प्रधान को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने एक अन्य साथी समीर महंत उर्फ पप्पू के साथ मिलकर इन वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने लूटे गए मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर फेंक दिए थे और वे इन्हें बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे थे।
पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों की कार्यपालिक दण्डाधिकारी घरघोड़ा के समक्ष शिनाख्तगी परेड कराई, जहां पीड़ितों ने उनकी पहचान कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और पीड़ित का सफेद रंग का आईफोन अलग-अलग गवाहों के समक्ष जब्त कर लिया गया। पुलिस इस मामले में शामिल तीसरे फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और अन्य लूटी गई संपत्ति का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
Read More : Balrampur Health Negligence: स्वास्थ्य केंद्र में लटका ताला, महतारी एक्सप्रेस में महिला का प्रसव
इस पूरे मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि राहगीरों और वाहन चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट व मारपीट करने वाले अपराधियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस पूरी तरह सख्त रुख अपनाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम नागरिकों ने भी राहत की सांस ली है।