सारंगढ़-बिलाईगढ़। Nishaanebaz.com-Sarangarh Bilaigarh DEO Suspension: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के शिक्षा विभाग में लोक शिक्षण संचालनालय ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) जोईधा राम डहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय आदेश के अनुसार, यह कार्रवाई उनके पूर्व पदस्थापना काल के दौरान हुई गंभीर वित्तीय अनियमितताओं और पदीय दायित्वों के निर्वहन में स्वेच्छाचारिता बरतने के आरोपों के तहत की गई है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय संभागीय संयुक्त संचालक (शिक्षा), रायपुर कार्यालय निर्धारित किया गया है।
विभागीय आदेश के मुताबिक, जोईधा राम डहरिया जब महासमुंद जिले के बसना में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) के पद पर पदस्थ थे, उस दौरान शासकीय प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक शालाओं के विद्युत देयक (बिजली बिल) से संबंधित शासकीय धनराशि के भुगतान में भारी गड़बड़ी पाई गई थी।
जांच में पाया गया कि विद्युत देयक की धनराशि का गबन कर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई गई है। विभाग ने इस कृत्य को गंभीर अनुशासनहीनता और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के विपरीत कदाचार माना है।
राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत यह निलंबन आदेश जारी किया है। आदेश में उल्लेख है कि निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। गौरतलब है कि जोईधा राम डहरिया के खिलाफ पूर्व में भी विभागीय कार्रवाई हो चुकी है; जब वे सारंगढ़ में विकासखंड शिक्षा अधिकारी के पद पर थे, तब भी उन्हें निलंबित किया गया था।
डहरिया के निलंबन के तुरंत बाद प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए खरसिया के विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) लक्ष्मी नारायण पटेल को अस्थायी रूप से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे नियमित अधिकारी की पदस्थापना होने तक पदभार संभालेंगे। शिक्षा विभाग की इस कठोर कार्रवाई से पूरे जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप का माहौल है।


Read More : 


