Sunday, September 27, 2026
Home International Spain Train Crash : स्पेन में भीषण ट्रेन हादसा: दो हाई-स्पीड ट्रेनों...

Spain Train Crash : स्पेन में भीषण ट्रेन हादसा: दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में 21 की मौत, 73 से अधिक घायल

Spain Train Crash : मैड्रिड (स्पेन): दक्षिणी स्पेन के कॉर्डोबा शहर के पास रविवार शाम एक बड़ा रेल हादसा हो गया, जिसमें दो हाई-स्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में 73 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है और मलबे में फंसे यात्रियों को निकालने की कोशिश की जा रही है।

रेल नेटवर्क ऑपरेटर ‘एडीआईएफ़’ (ADIF) ने बताया कि हादसा स्थानीय समयानुसार शाम करीब 18:50 बजे आदामुज़ कस्बे के पास हुआ। मलागा से मैड्रिड जा रही एक हाई-स्पीड ट्रेन अचानक पटरी से उतर गई और पास के दूसरे ट्रैक पर जाकर क्रैश हो गई। इसी दौरान विपरीत दिशा से मैड्रिड से हुएल्वा की ओर जा रही दूसरी ट्रेन भी इस टक्कर की चपेट में आकर पटरी से उतर गई। मलागा से रवाना होने के महज दस मिनट बाद ही ट्रेन इस हादसे का शिकार हो गई।

निजी रेल कंपनी ‘इर्यो’ ने पुष्टि की है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन में करीब 300 यात्री सवार थे। एंडलूसिया की आपातकालीन सेवा के अनुसार, घायलों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई कोच बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मैड्रिड और एंडलूसिया के बीच चलने वाली सभी रेल सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। स्टेशनों पर फंसे यात्रियों की सुविधा के लिए टर्मिनल रात भर खुले रखने का निर्णय लिया गया है।

रेल कंपनी ने पीड़ितों के परिजनों की सहायता के लिए अतोचा, सेविला, कॉर्डोबा, मलागा और हुएल्वा स्टेशनों पर विशेष केंद्र स्थापित किए हैं। स्पेनिश सरकार ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि ट्रेन के पटरी से उतरने का मुख्य कारण क्या था। इस घटना ने पूरे स्पेन को झकझोर कर रख दिया है और इसे देश के सबसे बड़े रेल हादसों में से एक माना जा रहा है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here