M.P News : सिंगरौली में ट्रांसपोर्टरों की मनमानी! सड़क पर राखड़ डंप कर फरार

Rahul Goshwami

सिंगरौली :  मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के गनियारी क्षेत्र में ट्रांसपोर्टरों की लापरवाही और मनमानी का गंभीर मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 41 स्थित हिरवाह-बीजपुर तिराहे के पास सड़क पर राखड़ (फ्लाई ऐश) डंप कर वाहन चालक मौके से फरार हो गए, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बीच सड़क राख गिराकर भागे चालक

स्थानीय लोगों के अनुसार, एनटीपीसी विंध्याचल से राखड़ परिवहन करने वाले वाहन बिना किसी सुरक्षा मानकों का पालन किए सड़कों पर दौड़ रहे हैं। परिवहन के दौरान राख सड़क पर गिरती जा रही है, जिससे रास्ता बाधित हो रहा है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।

धूल के गुबार से बढ़ा प्रदूषण

राखड़ गिरने से पूरे इलाके में धूल का गुबार छा गया है। इससे न सिर्फ यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ रहा है। सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नियमों और निर्देशों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
Read more : रीवा में गुंडागर्दी! बीच सड़क युवक की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल

एनटीपीसी पर भी उठे सवाल

जब इस मामले में एनटीपीसी विंध्याचल के जनसंपर्क अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इससे विभागीय जवाबदेही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लापरवाह ट्रांसपोर्टरों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और राखड़ प्रदूषण पर तत्काल नियंत्रण किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *