Saturday, September 26, 2026
Home Madhya Pradesh Silpara Canal Accident : रीवा: स्कूल बंक कर सिलपरा नहर पहुँचे छात्रों...

Silpara Canal Accident : रीवा: स्कूल बंक कर सिलपरा नहर पहुँचे छात्रों के साथ हादसा; चश्मा बचाने के चक्कर में बहा किशोर, 24 घंटे से सर्चिंग जारी

Silpara Canal Accident : रीवा। शहर के प्रतिष्ठित ज्ञानस्थली विद्यालय के छात्रों के साथ एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। स्कूल से बंक मारकर पिकनिक मनाने सिलपरा नहर पहुँचे दसवीं कक्षा के तीन छात्रों में से एक गहरे पानी में बह गया। घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी एसडीआरएफ (SDRF) की टीम छात्र का सुराग नहीं लगा पाई है।

चश्मा निकालने के प्रयास में हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, दसवीं के तीन छात्र—कार्तिकेय श्रीवास्तव, श्रेयश कुशवाहा और रेहान खान—शुक्रवार को स्कूल जाने के बजाय सिलपरा नहर घूमने चले गए थे। इसी दौरान एक छात्र का चश्मा नहर में गिर गया। उसे निकालने के लिए जब वह छात्र पानी में उतरा, तो बहाव तेज होने के कारण वह बहने लगा। उसे बचाने के लिए दूसरे साथी ने भी छलांग लगा दी। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुँचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कार्तिकेय श्रीवास्तव को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन श्रेयश कुशवाहा पानी की तेज धार में ओझल हो गया।

रेस्क्यू में आ रही हैं बड़ी बाधाएं एसडीआरएफ की टीम को लीड कर रहे सहायक उप निरीक्षक हरिओम मिश्रा ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियां आ रही हैं। नहर का पानी बंद करा दिया गया है, लेकिन इंटक वेल में अभी भी 100 फुट से अधिक पानी भरा है। साथ ही, पानी के अंदर जगह-जगह लोहे की छड़ें निकली हुई हैं, जिससे गोताखोरों की जान को भी खतरा बना हुआ है। टीम बेहद सावधानी पूर्वक सर्चिंग कर रही है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल गुमशुदा छात्र के पिता राकेश कुशवाहा ने बताया कि उनका बेटा रोज की तरह घर से स्कूल के लिए निकला था। उन्हें इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि वह दोस्तों के साथ नहर की ओर चला जाएगा। उन्हें घटना की जानकारी स्थानीय लोगों द्वारा फोन पर दी गई। फिलहाल, पूरा परिवार और रेस्क्यू दल श्रेयश की तलाश में नहर किनारे डटे हुए हैं।

प्रशासन ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सुरक्षा के प्रति सचेत रहें और गहरे जलाशयों या नहरों के किनारे जाने से बचें।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here