पिस्टल दिखाते वक्त चली गोली, ऑटो पार्ट्स व्यापारी गंभीर रूप से घायल

Parivesh
पिस्टल दिखाते वक्त चली गोली, ऑटो पार्ट्स व्यापारी गंभीर रूप से घायल

दंतेवाड़ा, 18 अप्रैल 2025 : जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसमें एक ऑटो पार्ट्स दुकान के संचालक को पिस्टल से चली गोली लग गई। घायल व्यापारी की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर के डिमरापाल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।पुलिस के अनुसार, घटना सुबह लगभग 9:15 बजे की है। जय माजीसा हार्डवेयर के संचालक देवकरण बुरड़ अपनी लाइसेंसी पिस्टल की सफाई के लिए तेल लेने बाजार गया हुआ था। इसी दौरान वह दंतेवाड़ा बाजार क्षेत्र में स्थित ऑटो पार्ट्स की दुकान पर पहुंचे और वहां के संचालक प्रमोद तोमर को पिस्टल दिखा रहे थे। इसी बीच अचानक पिस्टल से फायर हो गया।

गोली सीधे प्रमोद तोमर के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें दंतेवाड़ा जिला अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। प्रमोद तोमर के पेट से गोली निकाल ली गई है, लेकिन डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जगदलपुर के डिमरापाल मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है।

दंतेवाड़ा पुलिस ने घटना की पुष्टि की है और बताया है कि मामले की जांच जारी है। पिस्टल लाइसेंसी है या नहीं, और सुरक्षा मानकों का कितना पालन किया गया, इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे एक दुर्घटनावश गोली चलने का मामला माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हार्डवेयर व्यापारी देवकरण बुरड़ से भी पूछताछ की जा रही है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *