Thursday, October 1, 2026
Home Madhya Pradesh Sewerage Leakage Barwani : बड़वानी: सीवरेज कार्य ने छीनी शहरवासियों की शांति;...

Sewerage Leakage Barwani : बड़वानी: सीवरेज कार्य ने छीनी शहरवासियों की शांति; नलों में पानी गायब और सड़कों पर उफन रही गंदगी, जनता का उग्र प्रदर्शन

Sewerage Leakage Barwani : बड़वानी। शहर के नवलपुरा मुख्य मार्ग पर सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के दौरान बरती गई लापरवाही अब रहवासियों के लिए जी का जंजाल बन गई है। पिछले 15 दिनों से क्षेत्र की पेयजल और पुरानी सीवरेज लाइनें क्षतिग्रस्त पड़ी हैं, जिसके कारण सड़कों पर गंदा पानी और दुर्गंध फैल रही है। प्रशासन की अनदेखी से परेशान होकर शुक्रवार दोपहर बड़ी संख्या में रहवासियों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

दुर्गंध के कारण भोजन करना भी हुआ मुश्किल नवलपुरा और अमित नगर कॉलोनी के रहवासियों का हाल बेहाल है। पिछले दो-तीन दिनों से गंदा पानी घरों और दुकानों के सामने जमा हो गया है। रहवासी महेश यादव ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि बदबू इतनी भयानक है कि लोग अपने ही घरों में खाना तक नहीं खा पा रहे हैं। वहीं, पेयजल लाइन फूटने के कारण पिछले 12 दिनों से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति ठप है, जिससे लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।

अनोखा विरोध: कर्मचारियों को पहनाई माला प्रदर्शन के दौरान लोगों ने खाली बर्तन लेकर “नगर पालिका पानी दो” के नारे लगाए। विरोध का एक अनोखा तरीका अपनाते हुए कुछ रहवासियों ने सीवरेज कंपनी के कर्मचारियों को माला पहनाकर व्यंग्यात्मक रूप से अपनी पीड़ा व्यक्त की। गुस्साए लोगों ने करीब 12:30 बजे मार्ग पर आवागमन रोक दिया और सीवरेज कंपनी के मैनेजर दीपेंद्र सिंह को मौके पर बुलाकर खरी-खोटी सुनाई।

इंदौर जैसी घटना की पुनरावृत्ति का डर नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव भी मौके पर पहुँचे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि लगातार बह रही गंदगी से क्षेत्र में महामारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने इंदौर के भागीरथपुरा जैसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए प्रशासन को आगाह किया कि यदि जल्द ही लाइनों को दुरुस्त नहीं किया गया, तो शहर में उग्र आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल, सीवरेज कंपनी के मैनेजर ने कार्य में तेजी लाने का आश्वासन दिया है, लेकिन जनता का गुस्सा अब भी शांत नहीं हुआ है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here