सतना : मध्य प्रदेश के इंदौर और जबलपुर के बाद अब सतना जिले से सरकारी अस्पतालों में अव्यवस्था का एक और मामला सामने आया है। सरदार वल्लभ भाई पटेल जिला अस्पताल के सिक न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें चूहे खुलेआम दौड़ते-भागते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो दो दिन पुराना है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि SNCU के फर्श पर चूहे बेखौफ होकर घूम रहे हैं। एक वीडियो में दो चूहे इधर-उधर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में एक चूहा डेस्कटॉप के पास से मुंगौड़ी उठाकर ले जाता नजर आ रहा है। चूहा प्रिंटर के अंदर मुंगौड़ी ले जाने की कोशिश करता है, लेकिन असफल रहने पर उसे छोड़कर भाग जाता है। वीडियो बनाते समय हंसी की आवाज भी सुनाई दे रही है।
40 नवजातों का चल रहा इलाज
जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल के SNCU में इस समय करीब 40 नवजात बच्चों का इलाज चल रहा है। SNCU वह संवेदनशील यूनिट होती है, जहां जन्म के तुरंत बाद गंभीर रूप से बीमार बच्चों को भर्ती किया जाता है। ऐसे में चूहों की मौजूदगी ने अस्पताल की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रबंधन ने आरोपों को किया खारिज
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि प्रत्येक वार्ड में रैट ट्रैप केज लगाए गए हैं और समय-समय पर पेस्ट कंट्रोल भी कराया जाता है। प्रबंधन ने वायरल वीडियो को भ्रामक बताते हुए लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है। हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
इससे पहले इंदौर के एमवाय अस्पताल में चूहों द्वारा नवजात की उंगली कुतरे जाने का मामला सामने आया था, वहीं जबलपुर मेडिकल कॉलेज में भी चूहे देखे गए थे। सतना का यह वीडियो एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर चिंता बढ़ा रहा है।











