Sanjay Gandhi Hospital Complex : रीवा: विंध्य के सबसे बड़े चिकित्सा केंद्र, संजय गांधी अस्पताल के मुख्य द्वार पर आज दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब दुकान लगाने की मामूली बात को लेकर दो दुकानदार आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों के बीच अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं।
Sanjay Gandhi Hospital Complex : मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ अस्पताल के गेट के पास दुकान लगाने की जगह को लेकर थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों दुकानदार काफी समय से एक ही स्थान पर अपना कब्जा जमाना चाह रहे थे। आज बात इतनी बिगड़ गई कि शब्दों की मर्यादा लांघते हुए दोनों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसों की बरसात कर दी। अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों और राहगीरों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित दुकानदार किसी की सुनने को तैयार नहीं थे।
Sanjay Gandhi Hospital Complex : घटना की सूचना मिलते ही अमहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट में शामिल कुछ लोग वहां से खिसक गए, हालांकि पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त शुरू कर दी है। अस्पताल परिसर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। सरेराह हुई इस गुंडागर्दी से अस्पताल आने वाले तीमारदारों में भय का माहौल है।
Sanjay Gandhi Hospital Complex : अमहिया थाना प्रभारी ने बताया कि दुकानदारों के बीच विवाद और मारपीट की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में लिया है और दोनों पक्षों को थाने तलब किया गया है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने और मारपीट करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, अस्पताल के गेट पर स्थिति सामान्य है और पुलिस बल की निगरानी बढ़ा दी गई है।













