Saiyaara : नई दिल्ली। अहान पांडे और अनीत पड्डा की डेब्यू फिल्म ‘सैयारा’ ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। महज 18 दिनों में 300 करोड़ रुपये की कमाई कर इस फिल्म ने एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी यह फिल्म अब उन गिनी-चुनी फिल्मों की सूची में शामिल हो गई है, जिन्होंने इतनी जल्दी 300 करोड़ क्लब में एंट्री ली है।
Saiyaara : 300 करोड़ी क्लब में एंट्री करने वाली न्यूकमर्स की पहली फिल्म
‘सैयारा’ ने ये कारनामा कर दिखाया है जो अब तक किसी न्यूकमर्स की फिल्म ने नहीं किया था। यह पहली फिल्म है जिसमें कोई बड़ा स्टारकास्ट नहीं है, फिर भी इसने 300 करोड़ी क्लब में अपना नाम दर्ज कराया है। यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘सैयारा’ YRF की पांचवी फिल्म है, जो इस क्लब में पहुंची है।
वॉर और बजरंगी भाईजान को पछाड़ा
18वें दिन 300 करोड़ का आंकड़ा छूने वाली ‘सैयारा’ ने ‘वॉर’ (19 दिन) और ‘बजरंगी भाईजान’ (20 दिन) जैसी बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। इससे पहले इस लिस्ट में ‘जवान’, ‘पठान’, ‘एनिमल’, ‘गदर 2’, ‘बाहुबली 2’ जैसी बड़ी फिल्में शामिल हैं, जिन्होंने तेज रफ्तार में 300 करोड़ का आंकड़ा पार किया था।
Saiyaara
फिल्म का कलेक्शन सफर:
-
ओपनिंग डे: 21.5 करोड़ रुपये
-
पहला सप्ताह: 172.75 करोड़ रुपये
-
दूसरा सप्ताह: 107.75 करोड़ रुपये
-
तीसरा वीकेंड (15-17 दिन): 19.25 करोड़ रुपये
-
18वें दिन (शुरुआती आंकड़े): 36 लाख रुपये
-
टोटल इंडिया नेट कलेक्शन: 300.11 करोड़ रुपये
बजट से कई गुना ज्यादा कमाई
करीब 50-60 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘सैयारा’ ने कमाई के सारे अनुमान ध्वस्त कर दिए हैं। जहां फिल्म की ओपनिंग ही 21.5 करोड़ रुपये पर हुई, वहीं वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर फिल्म 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है।
YRF के लिए नई उम्मीद बनी ‘सैयारा’
यशराज फिल्म्स के लिए ‘सैयारा’ एक बड़ी कामयाबी बनकर उभरी है। नई स्टारकास्ट और मझे हुए निर्देशक के साथ यह फिल्म दर्शकों के दिलों में खास जगह बना चुकी है। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने प्रोड्यूसर्स को भी चौंका दिया है।
अब नजरें ‘सैयारा’ के लाइफटाइम कलेक्शन पर
फिल्म ट्रेड पंडितों का मानना है कि ‘सैयारा’ आने वाले दिनों में 350 करोड़ का आंकड़ा भी पार कर सकती है। खासकर ओवरसीज मार्केट में फिल्म की पकड़ मजबूत बनी हुई है।











