Rewa Crime: रीवा में इंस्टाग्राम पर हथियारों की नुमाइश, पहले कट्टे की धमकी दी, फिर 8 राउंड फायरिंग का वीडियो किया अपलोड,बाइक पर खड़े होकर स्टंट भी

Anuj Nirala

Rewa Crime: रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन और खतरनाक स्टंट का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे एक अकाउंट में एक युवक पहले कट्टे के साथ धमकी भरे अंदाज में यह कहते हुए दिखाई देता है कि “बात-बात में कट्टा चल जाता है रीवा शहर में।” इसके बाद उसी अकाउंट से कथित तौर पर 8 राउंड फायरिंग का वीडियो भी अपलोड किया गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले युवक की पहचान राज उर्फ रॉक, निवासी करहिया (रीवा) के रूप में बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर उसकी पहचान की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की तकनीकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही वीडियो की वास्तविकता और युवक की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

MP Crime: निवाड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6.24 किलो गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार; सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पहले कट्टे के साथ धमकी, फिर फायरिंग का वीडियो

Rewa Crime: वायरल वीडियो में युवक पहले हथियार लहराते हुए धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करता दिखाई देता है। इसके बाद इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक अन्य वीडियो अपलोड किया गया, जिसमें कथित तौर पर लगातार 8 राउंड फायरिंग होती दिखाई दे रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

चलती बाइक पर जानलेवा स्टंट भी किए वायरल

मामला केवल हथियारों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं है। इसी इंस्टाग्राम अकाउंट पर युवक के कई ऐसे वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें वह चलती बाइक पर खड़े होकर खतरनाक स्टंट करता नजर आ रहा है। स्टंट के दौरान सड़क पर अन्य वाहन भी गुजर रहे हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका साफ दिखाई देती है। ऐसे वीडियो न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि आम लोगों की जान को भी जोखिम में डालते हैं।

सोशल मीडिया पर हथियारों की नुमाइश बनी चिंता

Rewa Crime: रीवा जिले में अवैध हथियारों की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। समय-समय पर पुलिस ने हथियारों की बरामदगी, फायरिंग और आपराधिक मामलों में कार्रवाई की है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग के वीडियो अपलोड होना पुलिस के लिए नई चुनौती बनता जा रहा है। पुलिस का मानना है कि इस तरह की पोस्ट युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित करती हैं और अपराध को बढ़ावा देने का माध्यम बन सकती हैं।

Gwalior Crime: रामायण पाठ का बहाना बनाकर 25 लाख रुपये लेकर फरार हुआ सेल्स मैनेजर, कंपनी में मचा हड़कंप

एसपी के निर्देश पर जांच तेज

Rewa Crime: रीवा पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह पहले ही जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध हथियार रखने वालों और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दे चुके हैं। पुलिस अब वायरल वीडियो, इंस्टाग्राम अकाउंट और युवक की गतिविधियों की गहन जांच कर रही है।

अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में वीडियो वास्तविक पाए जाते हैं और युवक के पास मौजूद हथियार अवैध साबित होते हैं, तो उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं, मोटर व्हीकल एक्ट और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े अन्य प्रावधानों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फायरिंग किस स्थान पर की गई और हथियार का स्रोत क्या है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *