Devkinandan Thakur in Raipur: श्रीमद्भागवत कथा 2026: मन की शांति और संस्कारों का संदेश देंगे देवकीनंदन ठाकुर, वैश्य समाज का बड़ा आयोजन

0
129

Devkinandan Thakur in Raipur: रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की पावन धरा एक बार फिर भक्ति और सनातन संस्कृति के रंग में रंगने जा रही है। अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन के तत्वावधान में आगामी 8 जुलाई से 14 जुलाई तक बुढ़ापारा स्थित भव्य इंडोर स्टेडियम में प्रख्यात अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पूज्य देवकीनंदन जी ठाकुर के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष योगेश अग्रवाल की अगुवाई में आयोजित होने वाले इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इसी सिलसिले में रायपुर प्रवास पर पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को इस कथा में सम्मिलित होने का आदरपूर्वक निमंत्रण दिया गया है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का वैश्य समाज ने किया सम्मान

अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन के प्रदेश महामंत्री एवं प्रवक्ता राजकुमार राठी ने आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के रायपुर आगमन के दौरान फेडरेशन के पदाधिकारियों ने उनसे सौजन्य मुलाकात की। इस गरिमामयी मुलाकात के दौरान रायपुर के लोकप्रिय सांसद बृजमोहन अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। वैश्य समाज के शीर्ष पदाधिकारियों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को शॉल और श्रीफल भेंट कर छत्तीसगढ़ की परंपरा के अनुसार उनका आत्मीय सम्मान किया और उन्हें भागवत कथा का औपचारिक आमंत्रण पत्र सौंपा।

श्रीकृष्ण भक्ति के साथ मिलेगा परिवार को संस्कार और एकता का संदेश

श्री राजकुमार राठी ने बताया कि 8 से 14 जुलाई तक आयोजित होने वाली इस सात दिवसीय कथा के माध्यम से देवकीनंदन जी ठाकुर श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण भक्ति के रस में सराबोर करेंगे। इसके साथ ही वे सनातन संस्कृति के माध्यम से मानव जीवन को नई दिशा देने, मन की शांति, परिवारों में नैतिक संस्कारों के बीजारोपण और समाज को सूत्रबद्ध कर एकता का संदेश देंगे। इंडोर स्टेडियम में होने वाले इस आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है, जिसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

आयोजन समिति के प्रमुख पदाधिकारी रहे उपस्थित

लोकसभा अध्यक्ष को निमंत्रण देने और सम्मान करने के इस विशेष अवसर पर अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन और वैश्य समाज के कई प्रमुख चेहरे और रसूखदार पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें मुख्य रूप से विजय अग्रवाल, शिवरतन गुप्ता, सुभाष साहू, अशोक गुप्ता, सुभाष अग्रवाल, राजीव अवस्थी और राजेश अग्रवाल समेत कई गणमान्य नागरिक शामिल थे। संस्था के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल ने बताया कि रायपुर की धर्मप्रेमी जनता इस भव्य आयोजन को लेकर बेहद उत्साहित है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here