अल्मोड़ा : उत्तराखंड सरकार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू का एक वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। वीडियो में गिरधारी लाल साहू भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहते नजर आ रहे हैं कि “बिहार में लड़की 20-25 हजार में मिल जाती है।” इस बयान को महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताते हुए व्यापक विरोध शुरू हो गया है।
कार्यकर्ताओं के बीच दिया गया बयान
यह मामला अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधानसभा का है। करीब एक सप्ताह पहले दौलाघाट क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गिरधारी लाल साहू कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक युवा कार्यकर्ता से उसकी शादी को लेकर तंज कसते हुए विवादित टिप्पणी कर दी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
राजनीतिक दलों की तीखी प्रतिक्रिया
इस बयान पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने कड़ी आपत्ति जताते हुए मंत्री के पति पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं बिहार बीजेपी भी असहज नजर आई। पार्टी प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने बयान को फूहड़ और निंदनीय बताया। जदयू ने भी टिप्पणी को महिलाओं के सम्मान के खिलाफ करार दिया है।
महिला आयोग ने लिया संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने कहा कि मंत्री के पति को नोटिस भेजकर जवाब मांगा जाएगा।
विवाद बढ़ने पर मांगी माफी
बवाल बढ़ने के बाद गिरधारी लाल साहू ने वीडियो जारी कर माफी मांगते हुए कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उन्होंने दावा किया कि वे वर्षों से निर्धन बेटियों के विवाह में सहयोग करते आ रहे हैं और बेटियों के सम्मान के पक्षधर हैं।











