Navratri Special Recipe: नवरात्रि में मां दुर्गा को भोग लगाने के लिए अगर आप घर पर कोई मिठाई बनाना चाहते हैं, तो पेठे के लड्डू एक आसान विकल्प हो सकते हैं। इन्हें बनाने के लिए ज्यादा सामग्री या घंटों की मेहनत की जरूरत नहीं पड़ती। पेठा, दूध और सूखे नारियल की मदद से स्वादिष्ट लड्डू तैयार किए जा सकते हैं। पेठे में पहले से मिठास होने के कारण इसमें अलग से चीनी डालने की जरूरत भी नहीं पड़ती। इन्हें भोग लगाने के बाद प्रसाद के रूप में बांटा जा सकता है।
पेठे के लड्डू बनाने की सामग्री
इस रेसिपी के लिए करीब 400 ग्राम पेठा, 400 से 500 मिलीलीटर दूध और जरूरत के अनुसार डेसिकेटेड यानी सूखा कद्दूकस किया हुआ नारियल लें। खुशबू के लिए चाहें तो थोड़ा खाने योग्य गुलाब जल या केवड़ा जल भी मिला सकते हैं। यह वैकल्पिक सामग्री है।
ऐसे तैयार करें पेठे के लड्डू
सबसे पहले पेठे को कद्दूकस कर लें। अब एक कड़ाही में दूध गर्म करें और उसमें कद्दूकस किया हुआ पेठा डाल दें। शुरुआत में मिश्रण को मध्यम आंच पर लगातार चलाते रहें, ताकि दूध नीचे न लगे। जब पेठा नरम होने लगे, तो आंच धीमी कर दें।
मिश्रण को पकाते रहें, जब तक दूध अच्छी तरह गाढ़ा होकर खोये जैसी बनावट न ले ले। इस दौरान बीच-बीच में चलाना जरूरी है। जब मिश्रण कड़ाही के किनारों को छोड़ने लगे और उसमें अतिरिक्त नमी न बचे, तब गैस बंद कर दें। चाहें तो इस समय थोड़ा गुलाब जल या केवड़ा जल मिला सकते हैं।
अब मिश्रण में सूखा नारियल डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अगर नारियल का कच्चापन पसंद नहीं है, तो उसे पहले हल्का भून सकते हैं। मिश्रण को इतना ठंडा होने दें कि उसे हाथ से छूना आसान हो जाए। इसके बाद हथेलियों की मदद से छोटे-छोटे गोल लड्डू बना लें।
नारियल से दें स्वादिष्ट फिनिशिंग
लड्डुओं को आकर्षक बनाने के लिए एक प्लेट में थोड़ा सूखा नारियल फैलाएं। तैयार लड्डुओं को इसमें हल्के हाथ से घुमाकर नारियल की परत चढ़ा दें। इस तरह लड्डू देखने में सुंदर लगेंगे और उनका स्वाद भी बढ़ेगा।
अगर मिश्रण ज्यादा नरम होने के कारण लड्डू नहीं बन पा रहे हैं, तो उसे थोड़ी देर और धीमी आंच पर पकाकर नमी कम करें। लड्डू बनाने में परेशानी हो तो मिश्रण को घी लगी थाली में फैलाकर ठंडा करें और फिर मनचाहे आकार में काट लें। इस तरह कम सामग्री से तैयार मिठाई को भोग और प्रसाद दोनों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
